राजस्थान विधानसभा चुनाव का अंतिम दौर चल रहा है लेकिन अभी भी दल बदलने का दौर जारी है। नया झटका भाजपा को खुद मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के गृह जिले धौलपुर में लगा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक राजाखेड़ा सीट पर खासा प्रभाव रखने वाले पूर्व विधायक रविंद्र बौहरा और उनके बेटे विवेक कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। दोनों ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट और प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे के समक्ष पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। बाप-बेटे के पाला बदलने से राजाखेड़ा में मुकाबला दिलचस्प हो गया है।

कांग्रेस ने लिया बदलाः उल्लेखनीय है कि हाल ही में भाजपा ने यहां कांग्रेस के खेमे में सेंध लगाते हुए बनवारीलाल शर्मा के बेटे अशोक को अपनी पार्टी की सदस्यता दिलाई थी। शर्मा परिवार का इलाके में अच्छा दबदबा माना जाता है। ऐसे में कांग्रेस ने बौहरा परिवार को शामिल कर भाजपा से बदला ले लिया है। अशोक शर्मा को टिकट मिलने से बौहरा परिवार नाराज था। कांग्रेस ने यहां से विवेक बौहरा के चचेरे भाई रोहित बौहरा को मैदान में उतारा है।

खुद वसुंधरा ने संभाला मोर्चाः दल-बदल के इस खेल में भाजपा के कार्यकर्ताओं में असमंजस और निराशा की स्थिति बनती दिख रही थी। इसी के चलते खुद राज्य की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने यहां के मनिया में एक जनसभा भी की थी। उनसे पहले गृहमंत्री राजनाथ सिंह भी राजाखेड़ा में प्रचार कर चुके हैं। कुल मिलाकर अब यह सीट भी वसुंधरा के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन चुकी है। लेकिन नेताओं की अदला-बदली से मुकाबला अजीबोगरीब हो गया है।