बिहार चुनाव के तीसरे चरण के चुनाव में अब महज दो दिन का ही समय रह गया है। इसके चलते एनडीए और महागठबंधन समेत सभी दल चुनाव प्रचार में अपनी ताकत झोंक रहे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी मजबूती से प्रत्याशियों के लिए प्रचार अभियान में शामिल हो रहे हैं। बुधवार को राहुल गांधी शरद यादव की बेटी सुभाषिनी यादव के चुनावी रैली में शामिल हुए। राहुल ने प्रचार के दौरान कुछ सालों पहले हुए एक वाकये का जिक्र करते हुए कहा कि शरद यादव के साथ बिताए दो घंटों ने उन्हें भारतीय राजनीति पर बहुत कुछ सिखाया था।
बता दें कि जदयू के अध्यक्ष रह चुके शरद यादव अपने पूरे जीवन कांग्रेस के खिलाफ ही चुनाव लड़ते रहे थे। हालांकि, बिहारीगंज में रैली के दौरान राहुल का शरद यादव को गुरु बताना अपने आप में चौंकाने वाला बयान रहा। राहुल ने बताया कि कुछ साल पहले वे और शरद यादव आंध्र प्रदेश में एक कार्यक्रम में साथ मौजूद थे। यहां कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोनों ने एक ही वाहन से करीब दो घंटे तक साथ सफर किया था। राहुल के मुताबिक, इन दो घंटों में शरद यादव ने उन्हें भारतीय राजनीति के बारे में इतना कुछ सिखाया, जितना किसी और ने नहीं बताया।
राहुल ने कहा कि इस लिहाज से शरद यादव मेरे गुरु हुए और सुभाषिनी यादव मेरी बहन हैं, जिनकी रक्षा करना मेरी जिम्मेदारी हैं। बता दें कि सुभाषिनी हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुई हैं। इसके बाद उन्हें पार्टी ने बिहारीगंज सीट से टिकट भी थमा दिया।
बता दें कि शरद यादव कई बार मधेपुरा लोकसभा सीट से लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। बिहारीगंज विधानसभा सीट इसी क्षेत्र के अंतर्गत आती है। ऐसे में इस सीट पर सुभाषिनी की जीत की संभावनाएं सबसे ज्यादा हैं। इस क्षेत्र में शरद यादव की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने लालू प्रसाद यादव को भी यहां से हराया है। हालांकि, कांग्रेस के महागठबंधन में शामिल होने की वजह से शरद यादव की साख यहां पर दांव पर है।