पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया पर बड़ा बयान दिया है। बता दें कि बिक्रम सिंह मजीठिया नवजोत सिंह सिद्धू के खिलाफ अमृतसर ईस्ट से चुनाव लड़ रहे हैं। वर्तमान में नवजोत सिंह सिद्धू अमृतसर ईस्ट से ही विधायक भी है। 2012 में सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू अमृतसर ईस्ट से विधायक चुनी गयी थीं।

पत्रकारों से बात करते हुए नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि, “बिक्रम सिंह मजीठिया पर्चा माफिया है। उन्होंने कई सारे मुकदमे बहुत से लोगों के खिलाफ दर्ज कराएं हैं। मैंने आज तक किसी के खिलाफ एक भी मुकदमा नहीं दर्ज कराया है। सभी जानते हैं कि पंजाब में कांग्रेस एक मजबूत और स्थाई सरकार देगी। हम नया पंजाब बनाएंगे।”

वहीं पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि, “कांग्रेस को कोई नहीं हरा सकता, सिर्फ कांग्रेस ही कांग्रेस को हरा सकती है।”

बता दें कि वर्तमान में पंजाब में कांग्रेस की सरकार है और चरणजीत सिंह चन्नी मुख्यमंत्री हैं। वहीं सिद्धू पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष हैं। दोनों के बीच मतभेद की खबरें आती रहती हैं। हालांकि दोनों ही नेता इस बात को नकारते रहते हैं। पंजाब चुनाव के पहले सिद्धू कई बार इशारों इशारों में कह चुके हैं कि कांग्रेस पार्टी को प्रदेश में अपना सीएम चेहरा घोषित कर देना चाहिए। वहीं चन्नी भी चाहते हैं कि पार्टी चेहरा घोषित कर चुनाव लड़े। वहीं हाल ही में राहुल गांधी ने भी कहा था कि अगर पार्टी चाहती है कि मुख्यमंत्री का चेहरा हम घोषित करें तो हम कार्यकर्ताओं से पूछ कर निर्णय लेंगे।

बता दें कि पंजाब में कांग्रेस का मुकाबला आम आदमी पार्टी और अकाली दल से है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ रही है, वहीं अकाली दल बीएसपी के साथ गठबंधन कर मैदान में है। जबकि बीजेपी ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस और सुखबीर सिंह ढींडसा की पार्टी के साथ गठबंधन किया है। वहीं आम आदमी पार्टी ने पंजाब में अपने मुख्यमंत्री चेहरे की घोषणा कर दी है। सांसद भगवंत मान आम आदमी पार्टी का पंजाब में चेहरा है। बता दें कि पंजाब में विधानसभा चुनाव के लिए 20 फरवरी को वोट डाले जाएंगे जबकि 10 मार्च को नतीजे आएंगे।