आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भगवंत मान को पार्टी का मुख्यमंत्री उम्मीदवार बनाया है, जिसके बाद भाजपा ने आप को आड़े हाथों लिया है। भाजपा ने कहा कि इस घोषणा के साथ ही राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी ने अपनी ‘शराब नीति’ भी घोषित कर दी है। भाजपा महासचिव तरुण चुग ने कई ट्वीट्स कर आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। वहींं, उनके ट्वीटस् पर तरह-तरह के रिएक्शन भी आए हैं।
भाजपा महासचिव तरुण चुग ने ट्वीट कर कहा, ”जनता फैसला करेगी कि पंजाब का मुख्यमंत्री कौन बनेगा। मुख्यमंत्री मिसकॉल्स से नहीं वोटों से बनते हैं। मुख्यमंत्री की घोषणा के साथ ही आम आदमी पार्टी ने ने अपनी “लिकर पॉलिसी” भी घोषित कर दी। जो पंजाब नशे से लड़ रहा है उसे ये पार्टी नशे की तरफ धकेलना चाहती है।”
एक और ट्वीट करते हुए तरुण चुग ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा और कहा, ”पंजाब की जनता तय करेगी कि नायक किसे बनाना है। जिस व्यक्ति के ख़िलाफ उसी की पार्टी के दूसरे साथी ने लिखित दरख्वास्त दी कि उसके साथ बैठना मुश्किल है क्योंकि मुंह से बहुत शराब की बदबू आती है। ऐसे लोग पंजाब का क्या करेंगे यह जनता बखूबी जानती है और अपने वोटों से इसका जवाब देगी।” भाजपा नेता के इस ट्वीट पर यूजर्स के कई रिएक्शन आए हैं।
एक यूजर (@ImRjitendra204) ने लिखा, ”Meanwhile, Aam Aadmi Party cadre in Punjab is singing, “थोड़ी सी जो पी ली है… चोरी तो नहीं की है।” इसी तरह, एक अन्य यूजर (@SureshS21753809) ने प्रतिक्रिया दी, ”जस प्रजा, तस राजा और आश्चर्यजनक सत्य कि ये बंदा सीट जीतेगा, बन्धु।”
मुख्यमंत्री पद का चेहरा चुनने के लिए आम आदमी पार्टी ने मिस्ड कॉल्स के जरिए ‘‘जनता चुनेगी अपना सीएम’’ नामक अभियान चलाया था। भगवंत मान संगरूर से दो बार के लोकसभा सांसद और पार्टी की पंजाब इकाई के प्रमुख हैं। पंजाब में चुनाव लड़ने वाले प्रमुख दलों में आम आदमी पार्टी इकलौती ऐसी पार्टी है, जिसने अपने मुख्यमंत्री पद के चेहरे का ऐलान किया है। बता दें कि पंजाब में 20 फरवरी को मतदान होना है।