पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 के लिए मतदान 20 फरवरी को होंगे। ऐसे में राजनीतिक दलों की तरफ से पूरी ताकत झोंकी जा रही है। बता दें कि इस चुनाव में पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के सामने चुनाव लड़ रहे आम आदमी पार्टी के 35 वर्षीय लाभ सिंह की काफी चर्चा है। आप उम्मीदवार लाभ सिंह एक मोबाइल मरम्मत की दुकान के मालिक हैं।

सिंह दो कमरे के एक घर में रहते हैं और वो इस बार अपना पहला चुनाव लड़ रहे हैं। उनका कहना है कि गांवों में प्रचार करने के लिए मोटरसाइकिल या सार्वजनिक बस से भदौर गांव में घूमते हैं। सीएनएन-न्यूज 18 से बातचीत में लाभ सिंह ने बताया कि सीएम चन्नी के बेटे के पास 2 करोड़ रुपये की कार है। वो महज “दिखावे के आम आदमी” हैं।

आप का गढ़ है भदौर: इस चर्चा के बीच लाभ सिंह का कहना है, ”देश की मीडिया गांवों में मुझे खोज रही है। लोग हैरान हैं कि आखिर यह व्यक्ति कौन है जिसके खिलाफ कांग्रेस को अपना मुख्यमंत्री खड़ा करना पड़ा है।” बता दें कि यह निर्वाचन क्षेत्र AAP के पास है। यहां दिलचस्प यह है कि कांग्रेस ने पिछले 50 सालों में 2012 में केवल एक बार यह आरक्षित सीट जीती है। वहीं 2017 में आम आदमी पार्टी ने इस सीट पर कब्जा जमाया था।

कौन हैं लाभ सिंह: 35 साल के लाभ सिंह ने अपनी शिक्षा 12 वीं तक पूरी की है। इसके बाद सिंह ने मोबाइल रिपेयरिंग सीखकर अपनी दुकान खोल ली। लाभ सिंह के दो बच्चे हैं। उनके पास क्विक लर्नर का हुनर है। आम आदमी पार्टी जॉइन करने के बाद लाभ सिंह हलका इंचार्ज बनाए गए और फिर ब्लॉक प्रमुख और सर्कल प्रमुख बने। गौरतलब है कि अपने चुनावी हलफनामे में लाभ सिंह ने अपनी संपत्ति के रूप में खुद की हीरो हॉन्डा बताया है। इसे उन्होंने 2014 में खरीदी थी।

बता दें कि इससे पहले 2017 में हुए पंजाब विधानसभा में भी लाभ सिंह के नाम पर विचार किया जा रहा था। लेकिन आप ने पीरमल सिंह धौला पर दांव आजमाया जिनकी क्षेत्र में कुछ मजबूर संघों के बीच मजबूत पकड़ थी। बीते दिनों द इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में लाभ सिंह ने कहा, ‘मुझे लोगों के बधाई संदेश पिछले कई दिनों से आ रहे हैं। उनका कहना है कि मैं मौजूदा सीएम चन्नी को हराकर इतिहास रचूंगा।’