पंजाब चुनाव के लिए कांग्रेस ने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को अमृतसर ईस्ट से टिकट दिया गया है। वहीं मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, चमकौर से चुनावी मैदान में उतरेंगे।
कांग्रेस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राज्यसभा सांसद प्रताप सिंह बाजवा और गायक सिद्धू मूसेवाला क्रमशः कादियान और मनसा निर्वाचन क्षेत्रों से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। इस बीच, बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद की बहन मालविका कांग्रेस की टिकट पर मोगा से चुनाव लड़ेगीं। कांग्रेस ने पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर रंधावा और ओम प्रकाश सोनी को क्रमश: डेरा बाबा नानक और अमृतसर सेंट्रल सीटों से चुनावी मैदान में उतारा है।
मिली जानकारी के अनुसार पूर्व पीसीसी अध्यक्ष और प्रचार समिति के प्रमुख सुनील जाखड़ चुनाव नहीं लड़ेंगे। उनके भतीजे संदीप जाखड़ इसके बजाय अबोहर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। इसी तरह पंजाब के मंत्री ब्रह्म मोहिंद्रा चुनाव नहीं लड़ेंगे और उनकी जगह पटियाला ग्रामीण विधानसभा सीट से उनके बेटे मोहित मोहिंद्रा चुनाव लड़ेंगे।
पंजाब के अन्य मंत्रियों में मनप्रीत सिंह बादल बठिंडा अर्बन से, विजय इंदर सिंगला संगरूर से, रजिया सुल्ताना मलेरकोटला से, गुरकीरत सिंह कोटली खन्ना से, राणा गुरजीत सिंह कपूरथला से, तृप्त राजिंदर बाजवा फतेहगढ़ चुरियन से, रणदीप सिंह नाभा अमलोह से चुनाव लड़ेंगे। गिद्दड़बाहा से अमरिंदर सिंह राजा, जालंधर कैंट से परगट सिंह चुनावी मैदान में उतरेंगे।
संगत सिंह गिलजियां को उर्मर से, राजकुमार वेरका को अमृतसर पश्चिम-एससी, सुखबिंदर सरकारिया को राजसांसी से, भारत भूषण आशु को लुधियाना पश्चिम से मैदान में उतारा गया है। लहरगागा से पूर्व उपमुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्टल को मैदान में उतारा गया है।
बता दें कि पंजाब में 14 फरवरी को वोटिंग है और 10 मार्च को काउंटिंग की जाएगी। इस बार के चुनाव में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच दिख रहा है। इन दोनों के अलावा मैदान में अकाली दल और बीजेपी गठबंधन है। कुछ महीने पहले तक पंजाब के मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राज्य में प्रमुख नेता रहे कैप्टन अमरिंदर सिंह अपनी नई पार्टी बना चुके हैं और कांग्रेस के खिलाफ मैदान में बीजेपी के साथ गठबंधन करके उतर गए हैं।
