पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी को एक बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस नेता और यूपीए सरकार में मंत्री रहे अश्विनी कुमार ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। अश्विनी कुमार ने अपना त्यागपत्र पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजा है। अश्विनी कुमार यूपीए सरकार के दूसरे कार्यकाल के दौरान कानून मंत्री भी। अश्विनी कुमार करीब 8 महीने तक देश के कानून मंत्री थे। अश्वनी कुमार सबसे कम उम्र के एडिशनल सॉलिसिटर जनरल भी रह चुके हैं। 1991 में अश्वनी कुमार देश के एडिशनल सॉलिसिटर जनरल बनाए गए थे।
कांग्रेस अंतरिम अध्यक्षा सोनिया गांधी को पत्र लिख कर पूर्व कानून मंत्री अश्विनी कुमार ने कहा कि मैं 46 वर्ष के लंबे जुड़ाव के बाद पार्टी से त्यागपत्र देता हूं। अश्विनी कुमार ने सोनिया गांधी को धन्यवाद करते हुए उनके अच्छे स्वास्थ की कामना भी की। बता दें कि अश्वनी कुमार मनमोहन सरकार के दूसरे कार्यकाल के दौरान कई अहम मंत्रालयों के राज्य मंत्री भी थे। साथ ही साथ जनवरी 2011 से जुलाई 2011 तक अश्विनी कुमार संसदीय राज्य मंत्री भी थे।
3 बार बने राज्यसभा सांसद: पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता अश्विनी कुमार को कांग्रेस पार्टी ने तीन बार राज्यसभा में भेजा है। 2002 से 2004 तक अश्विनी कुमार राज्यसभा के सदस्य थे। उसके बाद 2004 में कांग्रेस ने फिर से उन्हें राज्यसभा भेजा ,जबकि 2010 में अश्विनी कुमार को कांग्रेस ने लगातार तीसरी बार राज्यसभा भेजा। यानी कि कुल 14 साल तक लगातार अश्विनी कुमार राज्यसभा के सदस्य रहें।
कई नेताओं ने छोड़ी पार्टी: बता दें कि पिछले 2 सालों में कांग्रेस के कई नेताओं ने पार्टी छोड़ी है और गौर करने वाली बात यह है कि यह सभी नेता कांग्रेस की यूपीए सरकार में अहम मंत्री पद संभाल रहे थे। वर्तमान में नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मार्च 2020 में कांग्रेस छोड़ बीजेपी ज्वाइन कर ली थी। ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस छोड़ने के बाद मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार भी गिर गई थी। उसके बाद 2021 में कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे जितिन प्रसाद ने भी कांग्रेस को छोड़ बीजेपी ज्वाइन कर लिया था। पिछले ही महीने कांग्रेस नेता आरपीएन सिंह ने भी कांग्रेस को छोड़कर बीजेपी की सदस्यता ले ली थी।
बता दें कि अश्विनी कुमार पंजाब से आते हैं और पंजाब में 20 फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में घोषित किया है। वहीं पर आम आदमी पार्टी ने भगवंत मान को अपने सीएम चेहरे के रूप में घोषित किया हुआ है।