पंजाब में 20 फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। लेकिन इसके पहले लोगों में यह जानने को लेकर उत्सुकता है कि पंजाब में किस पार्टी की सरकार बन सकती है। बता दें की एबीपी न्यूज़ ने सी वोटर के जरिए पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए सर्वे किया है और एक फाइनल ओपिनियन पोल जारी किया है। एबीपी न्यूज़-सी वोटर के ओपिनियन पोल के अनुसार पंजाब के नतीजे चौंकाने वाले हो सकते हैं और आम आदमी पार्टी की सरकार बन सकती है।
आम आदमी पार्टी को मिल सकता है बहुमत: एबीपी न्यूज़-सी वोटर के सर्वे के अनुसार पंजाब में आम आदमी पार्टी बहुमत के करीब पहुंच सकती है। ओपिनियन पोल के अनुसार पंजाब में आम आदमी पार्टी को 55 से 63 सीटें प्राप्त हो सकती हैं। वहीं अकाली दल गठबंधन को 20 से 26 सीटें मिल सकती हैं। सी वोटर के ओपिनियन पोल के हिसाब से पंजाब में कांग्रेस को बड़ा झटका लगने जा रहा है।
कांग्रेस को पंजाब में 24 से 30 सीटें प्राप्त हो सकती है। वहीं बीजेपी और कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस गठबंधन को 3 से 11 सीटें पंजाब में मिल सकती हैं। ओपिनियन पोल के अनुसार अन्य को भी 0 से 2 सीट मिल सकती है। बता दें कि पंजाब में 117 विधानसभा सीट है और बहुमत के लिए 59 सीटें प्राप्त करनी होती है।
‘आप’ को 40 फीसदी वोट: एबीपी न्यूज़-सी वोटर सर्वे के हिसाब से पंजाब में आम आदमी पार्टी को 40 फीसदी वोट मिल सकता है। वहीं पर कांग्रेस को 30 फीसदी वोट प्राप्त हो सकता है। अकाली दल गठबंधन को 20 फ़ीसदी और बीजेपी गठबंधन को 8 फ़ीसदी वोट प्राप्त हो सकता है। पंजाब में अन्य के खातों में भी 2 फ़ीसदी वोट जा सकता है।
बता दें कि पंजाब में आम आदमी पार्टी लोकसभा सांसद भगवंत मान को सीएम चेहरा घोषित करके चुनाव लड़ रही है। वहीं रविवार को ही राहुल गांधी ने कांग्रेस के चेहरे के रूप में चरणजीत सिंह चन्नी के नाम का ऐलान किया है। यानी साफ है कि नवजोत सिंह सिद्धू अब सीएम पद की रेस में नहीं है। बीजेपी गठबंधन ने पंजाब में अभी तक मुख्यमंत्री चेहरे का ऐलान नहीं किया है। पंजाब में 20 फरवरी को सभी 117 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे और नतीजे 10 मार्च को आएंगे।