मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह को रेहटी के बाद अब नसरुल्लागंज में भी जनता के गुस्से का शिकार होना पड़ा। यहां जनसंपर्क के दौरान लोगों ने विकास कार्यों और वादों के पूरा ना होने पर उनके सामने अपनी भड़ास निकाल दी। साधना सिंह ने उनसे बहुत ज्यादा बातचीत नहीं की और मुस्कुराकर चल आगे बढ़ चलीं। तेजी से वायरल हो रहे इस घटना के वीडियो में साधना के चेहरे पर बने असहज भाव साफतौर पर देखे जा सकते हैं।
‘नाले के किनारे रहने पर मजबूर कर दिया’
साधना सिंह नसरुल्लागंज के वार्ड क्रमांक छह में जनसंपर्क कर रही थीं। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याओं का अंबार उनके सामने पेश कर दिया। एक गरीब महिला ने रहने के लिए घर ना मिलने को लेकर नाराजगी जाहिर की और पूछा कि उन्हें झुग्गी से क्यों हटाया गया। महिला ने कहा कि उन्हें नाले के किनारे रहने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद एक युवक भी विकास कार्य ना होने के चलते आक्रोशित हो गया।
स्थानीय नेताओं ने संभाली कमान
लोगों की नाराजगी देखते हुए साधना सिंह ने वहां से निकल जाना ही मुनासिब समझा। हालांकि हालात को भांपते हुए स्थानीय भाजपा नेताओं लखन यादव और राजेश लखेरा ने नाराज लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। इससे पहले रेहटी क्षेत्र की महिलाओं ने उनसे पानी ना मिलने की शिकायत करते हुए कहा था, ‘मैडम प्यासा मार डाला आपने तो।’ खुद मुख्यमंत्री की पत्नी के सामने उनके ही क्षेत्र के आसपास इस तरह की घटनाएं सरकार पर सवाल खड़े करती हैं।