Phulpur Lok Sabha Election 2024 Date, Candidate Name: आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। ऐसे में फूलपुर लोकसभा सीट की बात करें तो यह सीट कभी किसी एक पार्टी का गढ़ नहीं रहा है। हां, इतना जरूर है कि इस सीट पर 1996 से 2004 तक समाजवादी पार्टी का कब्जा रहा। 2009 में इस सीट पर बसपा ने फतह हासिल की। इसके बाद 2014 और 2019 के चुनाव में इस सीट पर बीजेपी ने परचम लहराया।
फूलपुर लोकसभा सीट से अभी तक किसी भी पार्टी ने अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की है। वर्तमान में इस सीट पर बीजेपी की केशरी देवी पटेल सांसद हैं।
फूलपुर संसदीय सीट के इतिहास पर अगर नजर डालें तो फूलपुर लोकसभा सीट देश की आजादी के बाद से ही VVIP सीटों में शुमार रही है। यह सीट देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरु की राजनीतिक कर्मभूमि रही है। देश की आजादी के बाद लगातर तीन बार 1952, 1957 और 1962 में फूलपुर लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर पंडित जवाहर लाल नेहरु में देश का नेतृत्व किया।
फूलपुर लोकसभा सीट का इतिहास
पंडित नेहरू के बाद इस सीट पर 1967 में विजय लक्ष्मी पंडित, 1969 में जनेश्वर मिश्र, 1971 में विश्व नाथ प्रताप सिंह, 1977 में राम पूजन पटेल, 1980 में प्रो. बी.डी.सिंह, 1984, 1989 और 1991में लगातार तीन बार राम पूजन पटेल ने इस सीट पर जीत दर्ज की। वहीं 1996 में जंग बहादुर पटेल, 1999 में धर्मराज पटेल, 2004 में सपा से अतीक अहमद और 2009 में बसपा से कपिलमुनि करवरिया निर्वाचित होकर फूलपुर का प्रतिनिधित्व किया।
फूलपुर लोकसभा सीट 2014 के चुनाव परिणाम-
प्रत्याशी | पार्टी | कुल वोट | वोट प्रतिशत |
केशव प्रसाद मौर्य | बीजेपी | 503564 | 26.32% |
धर्मराज सिंह पटेल | सपा | 195256 | 10.21% |
कपिल मुनि | बसपा | 163710 | 8.56% |
मोहम्मद कैफ | कांग्रेस | 58127 | 3.04% |
साल 2014 के लोकसभा चुनावों में मोदी लहर में भाजपा प्रत्याशी के तौर पर केशव प्रसाद मौर्या ने तीन लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से फूलपुर लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की। केशव प्रसाद मौर्य ने ही इस सीट पर पहली बार कमल खिलाया था। साल 2017 के विधानसभा चुनाव में 325 सीटें जिताकर भाजपा की प्रचण्ड बहुमत की सरकार बनाने पर एक बार फिर से पार्टी ने केशव प्रसाद मौर्या को डिप्टी सीएम की अहम जिम्मेदारी दी।
डिप्टी सीएम बनने के बाद केशव प्रसाद मौर्या के इस्तीफे से खाली हुई फूलपुर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में समाजवादी पार्टी ने बड़ा उलट फेर करते हुए भाजपा के कौशलेंद्र सिंह पटेल को हरा दिया था और इसी पर सपा के नागेंद्र सिंह पटेल सांसद चुने गए।
फूलपुर लोकसभा सीट 2019 के चुनाव परिणाम-
प्रत्याशी | पार्टी | कुल वोट | वोट प्रतिशत |
केशरी देवी पटेल | बीजेपी | 544701 | 55.63% |
पंधारी यादव | सपा | 372733 | 38.07% |
पंकज पटेल | कांग्रेस | 32761 | 3.35% |
हालांकि इसके बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में एक बार फिर से इस सीट पर बीजेपी की केशरी देवी पटेल ने जीत दर्ज की। केसरी देवी पटेल ही इस सीट की मौजूदा सांसद हैं।
कितनी बार किस दल को जीत मिली
फूलपुर लोकसभा सीट पर सबसे ज्यादा सात बार कांग्रेस और पांच बार सपा ने जीत दर्ज की है। बहुजन समाजवादी पार्टी ने भी सीट पर एक बार जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को भी फूलपुर लोकसभा सीट पर 2014 और 2019 में जीत मिली है।
कुर्मी मतदाता निर्णायक भूमिका में
फूलपुर लोकसभा सीट में पटेल यानी कुर्मी मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं। यही वजह है कि इस सीट पर कई बार पटेल सांसद बने। मौजूदा समय में भी बीजेपी से केशरी देवी पटेल फूलपुर लोकसभा सीट से सांसद हैं।