मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव अपने चरम पर है। मतदान में सिर्फ चार दिन शेष हैं। पलड़ा कभी भाजपा तो कभी कांग्रेस की तरफ झुकता नजर आ रहा है। कांटे के मुकाबले के बीच देश के आखिरी डकैत माने जाने वाले बलवंत सिंह तोमर का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में उन्होंने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने भाजपा की सरकार में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार होने की बात कही है।

‘जो सड़कें बनी ही नहीं, उनके बिल पास हो गए’
न्यूज वेबसाइट क्विंट से बातचीत में बलवंत ने आरोप लगाया कि उनके ग्वालियर इलाके की सड़कें सही नहीं हैं। उनका आरोप है, ‘सांसद-मंत्री नेता लोग पैसे खा रहे हैं। जो सड़कें बनी ही नहीं उनके भी बिल भी पास हो गए। खादी पहनने वाले नेता-मंत्री सारा पैसा खा रहे हैं। इतना पैसा आता है, कहां जाता है? हमेशा हम भाजपा को वोट देते थे। लेकिन इस सरकार ने कुछ गलत काम किए हैं। सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार इस शासन में बढ़ा है।’

80 के दशक में किया था आत्मसमर्पण
बीहड़ के चर्चित डकैत पान सिंह तोमर के भतीजे बलवंत सिंह ने कहा मैं भी भाजपा को ही वोट देता था लेकिन इस शासन में भ्रष्टाचार सबसे ज्यादा बढ़ा है। 1980 के दशक में डकैती छोड़कर मध्य प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के समक्ष समर्पण करने वाले बलवंत करीब एक दशक से ज्यादा समय जेल में रहे लेकिन अब वे बीहड़ की गोलीबारी से दूर भगवान के भजन में समय बिताते हैं।

13 साल से सीएम हैं शिवराज
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में 28 नवंबर को मतदान होना है और नतीजे 11 दिसंबर को आएंगे। राज्य में पिछले 15 साल से भाजपा की सरकार है और 13 साल से अकेले शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री हैं। राज्य में 230 विधानसभा क्षेत्र हैं। शिवराज सरकार ने बिजली में राज्य को सरप्लस बनाने, सड़कें ठीक करवाने जैसे कई बड़े दावे किए हैं। इनसे जनता कितनी खुश हुई 11 दिसंबर को इसका खुलासा हो जाएगा।