Narendra Modi Cabinet Ministers List of India 2019: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में उत्तराखंड के हरिद्वार से भाजपा सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक को मानव संसाधन विकास मंत्रालय का पदभार दिया गया है। निशंक पूर्व में अपने बयानों की वजह से खासे सुर्खियों में रह चुके हैं। संसद में महर्षि कणाद पर दिए उनके बयान ने खासी सुर्खियां बटोरी थी। दिसंबर 2014 में द स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर बिल पर चर्चा के दौरान उन्होंने कहा था कि विज्ञान ज्योतिष के सामने बौना है। उन्होंने कहा था, ‘ज्योतिष ही सबसे बड़ा विज्ञान है। असल में तो ज्योतिष विज्ञान से बहुत ऊपर है। हमें इसे प्रमोट करना चाहिए। हम आज न्यूक्लियर साइंस की बात करते हैं। महर्षि कणाद ने लाखों साल पहले ही न्यूक्लियर टेस्ट कर लिया था। हमें ट्रांसप्लांट की भी जानकारी थी।’
तब भाजपा नेता के इस बयान की खूब आलोचना हुई। सोशल मीडिया में भी उन्हें खूब ट्रोल किया गया। उन्हें अंधविश्वास फैलाने वाला करार दिया गया। विवाद बड़ा तो पीएचडी और डीलिट कर चुके रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि यह देश के गौरवशाली इतिहास की बात थी जो उन्होंने ग्रंथों के हवाले से कही थी।
कौन थे कणाद?
कहा जाता है कि आधुनिक दौर में अणु विज्ञानी जॉन डाल्टन से भी हजारों साल पहले महर्षि कणाद ने यह रहस्य उजागर किया कि द्रव्य के परमाणु होते हैं। उनके जीवन के बारे में यह रोचक मान्यता भी है कि वह किसी काम से बाहर जाते तो घर लौटते वक्त रास्तों में पड़ी चीजों या अन्न के कणों को बटोरकर अपना जीवनयापन करते थे। इसीलिए वह ‘कणाद’ नाम से खासे मशहूर हुए।
गौरतलब है कि रमेश पोखरियाल निशंक साहित्यकार भी हैं। वह कविता, उपन्यास, कहानी, लघुकथा, यात्रा साहित्य, खण्ड काव्य, बाल साहित्य और व्यक्तित्व विकास सहित पर्यटन जैसे क्षेत्र में कई किताबें लिख चुके हैं। अब तक उनके दस कविता संग्रह, 12 कहानी संग्रह, 10 उपन्यास, 6 बाल साहित्य सहित कुल 40 ज्यादा किताबें छप चुकी हैं।
