चुनाव आयोग ने पांच राज्यों में चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। मध्य प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर एक चरण में ही चुनाव होंगे। केंद्रीय मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को वोटिंग होगी। वहीं 3 दिसंबर को मतगणना की जाएगी और इसी दिन नतीजे आयेंगे।

ये रही चुनाव से जुड़ी पूरी टाइमलाइन

मध्य प्रदेश चुनाव के लिए 21 अक्टूबर 2023 को अधिसूचना जारी हो जाएगी। वहीं 30 अक्टूबर 2023 चुनाव के लिए नॉमिनेशन दाखिल करने की आखिरी तारीख है। 31 अक्टूबर 2023 तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। वहीं 2 नवंबर 2023 तक सभी उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। 17 नवंबर को मध्य प्रदेश चुनाव के लिए वोटिंग होगी। वहीं 3 दिसंबर को नतीजे आएंगे।

मध्य प्रदेश में कुल 230 विधानसभा सीटें हैं। इनमें से 148 सीटों पर सामान्य उम्मीदवार लड़ सकते हैं। तो वहीं 35 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। जबकि 47 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। चुनाव आयोग के अनुसार मध्य प्रदेश में कुल 5 करोड़ 60 लाख वोटर है।

मध्य प्रदेश चुनाव के लिए बीजेपी ने उम्मीदवारों की तीन सूची जारी कर दी है। बीजेपी ने मध्य प्रदेश चुनाव के लिए 79 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। वहीं कांग्रेस ने अभी तक एक भी उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है। जाहिर है चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद अब नामांकन में काफी कम दिनों का समय बाकी है। ऐसे में सभी दल जल्द ही अपने सभी उम्मीदवारों की सूची जारी कर देंगे।

मध्य प्रदेश के सबसे लंबे समय तक मुख्‍यमंत्री रहे श‍िवराज स‍िंह चौहान बुधनी से व‍िधायक हैं। शिवराज चौहान नवंबर 2005 से 2018 का चुनाव होने तक लगातार मुख्‍यमंत्री रहे। 2018 में कांग्रेस की जीत के बाद कमलनाथ के नेतृत्‍व में सरकार बनी। लेक‍िन मार्च 2020 में कांग्रेस व‍िधायकों के भाजपा में आ जाने से एक बार फ‍िर श‍िवराज स‍िंह की ताजपोशी हो गई। मध्य प्रदेश के अलावा छत्तीसगढ़, राजस्थान, मिजोरम और तेलंगाना की भी चुनाव तारीखों का ऐलान हो चुका है।