मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ ने शुक्रवार को ऐलान किया कि कांग्रेस के सत्ता में आने पर पुलिस कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश दिया जाएगा और ड्यूटी के समय में एक घंटे की कमी भी की जाएगी। कमलनाथ ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि पुलिस कर्मचारियों को सप्ताह में एक दिन का अवकाश दिया जाएगा। पुलिस बल की कमी को दूर करने के लिए 50,000 पुलिसकर्मियों की भर्ती की जाएगी।
कमलनाथ ने यह भी कहा कि पुलिस जवानों को मिलने वाला आवास भत्ता बढ़ाकर 5,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया जाएगा। इसके अलावा प्रतिदिन के ड्यूटी समय को कम करेंगे और पुलिस को काम करने के लिए तनावमुक्त वातावरण देंगे। उन्होंने कहा कि, मध्य प्रदेश पुलिस के वर्तमान बजट को बढ़ाकर 9,600 करोड़ किया जाएगा
उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में पुलिस जवानों को साप्ताहिक अवकाश की बात लगातार होती रही है, मगर उसका फैसला नहीं हो पाया। कांग्रेस ने अब पुलिस जवानों को अवकाश व सुविधाएं देने का वादा किया है। मतदान के पहले इसे कमलनाथ का मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है क्योंकि प्रदेशभर में पुलिसकर्मियों की संख्या एक लाख से ज्यादा है। गौरतलब है राज्य में 28 नवंबर को मतदान होगा और 11 दिसंबर को मतों की गणना होगी।
इसके अलावा कमलनाथ ने पुलिसकर्मियों के लिए अनेक घोषणाएं की। मध्य प्रदेश पुलिस कर्मचारियों को सप्ताह में एक दिन का अवकाश देने की बात कही तो 50000 पुलिसकर्मियों की भर्ती कर पुलिस बल की कमी को दूर करना का वादा भी किया। वर्तमान में पुलिसकर्मियों को मिलने वाले भत्ते को बढ़ाकर 5000 रुपये प्रतिमाह करने की बात कही। उन्होंने कहा पुलिसकर्मियों के ड्यूटी समय को कम करेंगे तथा नए मकानों के निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी।