मध्य प्रदेश में 15 साल से सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी ने पहली बार दो घोषणा पत्र जारी किए हैं। एक को विजन डॉक्यूमेंट यानी दृष्टि पत्र और दूसरे को संकल्प पत्र नाम दिया गया है। ‘समृद्ध मध्य प्रदेश दृष्टि पत्र’ में प्रदेश की विकास योजनाओं का जिक्र किया गया है तो आधी आबादी को ध्यान में रखते हुए ‘नारी शक्ति संकल्प पत्र’ अलग से जारी किया गया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को दोनों घोषणा पत्र जारी किए।

शिवराज ने ऐसे बनाया घोषणा पत्र
महिला अपराध, किसानों की खराब आर्थिक स्थिति, युवाओं की बेरोजगारी और अनुसूचित जाति-जनजाति अधिनियम को लेकर सवर्णों की नाराजगी के चलते पिछले कुछ समय से शिवराज सरकार खासी निशाने पर रही है। इन्हीं मसलों को ध्यान में रखते हुए शिवराज ने एक बार फिर वादों की झड़ी लगा दी है। घोषणा पत्र जारी करते हुए शिवराज ने कहा कि भाजपा ने इस घोषणा पत्र के लिए लोगों से सुझाव मांगे थे। पार्टी को 30 हजार से ज्यादा सुझाव मिले। इसमें से 700 सुझावों को घोषणा पत्र में शामिल किया गया।

पढ़िए, घोषणा पत्र में किए खास वादे…
– हर साल 10 लाख रोजगार के अवसर मिलेंगे।
– भावांतर या कृषि समृद्धि जैसी योजनाओं से वंचित रह जाने वाले 17 लाख छोटे किसानों को खेती के रकबे के हिसाब से बोनस मिलेगा।की राशि ट्रांसफर होगी।
– सामान्य वर्ग के गरीबों को पहली से पीएचडी तक मुफ्त पढ़ाई की सुविधा मिलेगी।
– बारहवीं कक्षा में 75 फीसदी अंक लाने और कॉलेज जाने वाली लड़कियों को मुफ्त स्कूटी देने का वादा।
– लड़कियों को कॉलेज तक लाने-ले जाने के लिए सुरक्षित निःशुल्क परिवहन सुविधा मिलेगी।
– स्कूल और कॉलेज में सैनेटरी नैपकिन उपलब्ध कराए जाएंगे।
– कॉलेज में लड़कियों को मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग दी जाएगी।
– बालिका छात्रावासों की क्षमता बढ़ाएंगे।
– थाने में महिला उपनिरीक्षक सिर्फ महिलाओं से संबंधित मामले देखेगी।
– खाद्य प्रसंस्करण (फूड प्रोसेसिंग) और पर्यटन विश्वविद्यालय भी खुलेंगे।
– कम वेतन वाले कर्मचारियों को सम्मानजनक मानदेय दिया जाएगा।
– महिलाओं को रोजगार देने वाले उद्योगों को कर में छूट दी जाएगी।
– महिलाओं को स्वास्थ्य, सुरक्षा, रोजगार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।