Madhya Pradesh (MP) Election Result 2018 Date: मध्य प्रदेश में चुनावी गहमा-गहमी थम चुकी है और अब सिर्फ नतीजों का इंतजार है। बता दें कि मध्य प्रदेश में 28 नवंबर को एक चरण में मतदान हुआ था, वहीं 11 दिसंबर को चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे। मध्य प्रदेश में पिछले 15 साल से भाजपा का शासन है, 13 साल से शिवराज सिंह राज्य के मुख्यमंत्री का पद संभाल रहे हैं। ऐसे में इस बार भाजपा को सत्ता विरोधी लहर का सामना भी करना पड़ सकता है। चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा और कांग्रेस की तरफ से खूब आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। चुनाव प्रचार के दौरान किसानों के मुद्दे, रोजगार और बुनियादी विकास जैसे मुद्दे खूब छाए रहे, तो वहीं राष्ट्रीय स्तर के मुद्दे भी खूब उछाले गए।
मध्य प्रदेश में भाजपा की तरफ से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य चेहरा हैं। वहीं कांग्रेस की तरफ से अभी किसी को भी सीएम पद के दावेदार तय नहीं किया गया है, लेकिन वरिष्ठ नेता कमलनाथ और युवा नेता और सिंधिया राजघराने से ताल्लुक रखने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया इस रेस में सबसे आगे माने जा रहे हैं। बहरहाल 28 नवंबर को हुए मतदान के बाद अब दोनों ही पार्टियों की तरफ से सरकार बनाने के दावे पेश किए जा रहे हैं। लेकिन 7 दिसंबर को आए एग्जिट पोल के नतीजों में भी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मध्य प्रदेश में इस बार किस पार्टी के सिर जीत का सेहरा बंधेगा।
यहां पढ़ें Election Result 2018 से जुड़े ताजा अपडेट: Mizoram | Telangana | Chhattisgarh | Rajasthan
क्या कहते हैं मध्य प्रदेश एग्जिट पोल के नतीजेः विभिन्न एग्जिट पोल के नतीजों में जो एक बात निकलकर सामने आयी है, वो ये है कि इस बार मध्य प्रदेश में कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। सत्ता विरोधी लहर के बावजूद भाजपा अपना किला बचाने की भरसक कोशिश करती दिखाई दे रही है। बता दें कि मध्य प्रदेश में कुल 230 विधानसभा सीटें हैं, जिनमें से बहुमत का आंकड़ा 116 सीट का है।
विभिन्न एग्जिट पोल के नतीजे- टाइम्स नाउ-सीएनएक्स के एग्जिट पोल की बात करें तो इसमें भाजपा को 126, कांग्रेस को 89 और अन्य को 15 सीटें मिलने की बात कही गई है। वहीं एबीपी-सीएसडीएस के एग्जिट पोल में भाजपा को 94, कांग्रेस को 126 और अन्य को 10 सीटें मिलने का दावा किया गया है। इंडिया टुडे-एक्सिस के एग्जिट पोल की बात करें तो इसमें भाजपा को 111, कांग्रेस को 113 और अन्य को 06 सीटों पर जीत मिलने की बात कही गई है। रिपब्लिक-सी-वोटर के एग्जिट पोल में भाजपा को 98, कांग्रेस को 118 और अन्य को 14 सीटों पर जीत मिलने की बात कही गई है। इन एग्जिट पोल को देखने से पता चलता है कि दोनों ही पार्टियों की स्थिति बराबरी की है, अब 11 दिसंबर को घोषित होने वाले नतीजों के बाद ही पता चल सकेगा कि राज्य की जनता ने क्या जनादेश दिया है?