पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी को एक बड़ा झटका लगा है। ताबड़तोड़ चुनाव प्रचार में जुटे पार्टी के एक दिग्गज नेता पर नाबालिग ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक विदिशा जिले में खासी पैठ रखने वाले भाजपा नेता और जाने-माने ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉक्टर पीयूष सक्सेना के खिलाफ विदिशा पुलिस ने दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया है।
10 साल से ज्यादती करने का आरोप
विदिशा के पुलिस अधीक्षक भारतभूषण शर्मा के मुताबिक, ‘पीड़िता ने बताया कि डॉक्टर पीयूष सक्सेना उसके साथ करीब 10 साल से ज्यादती कर रहा था। उसे फोटो और वीडियो क्लिप्स दिखाकर डराया जाता था। अब जाकर उसने परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद वे उसे थाने लेकर आए।’
पार्टी ने तुरंत कर दी छुट्टी
मध्य प्रदेश में महिला सुरक्षा इन दिनों एक बड़ा मुद्दा है। इसी के मद्देनजर शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा के दो घोषणा पत्र जारी किए थे जिनमें एक सिर्फ महिलाओं पर केंद्रित था। इसी के चलते दुष्कर्म का आरोप लगते ही आरोपी डॉक्टर को पार्टी से निकाल दिया गया। फिलहाल वे विदिशा से पार्टी के प्रत्याशी मुकेश टंडन के चुनाव प्रचार का काम देख रहे थे।
कई दिग्गज आए रेप के आरोपों की जद में
उल्लेखनीय है कि भाजपा के कई नेताओं पर हाल ही में इस तरह के आरोप लग चुके हैं। इनमें केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर और उत्तराखंड में पार्टी के महासचिव संजय कुमार भी शामिल हैं। अकबर पर करीब 20 महिलाओं ने शारीरिक शोषण का आरोप लगाया था जिसके बाद उन्हें मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। वहीं संजय कुमार पर पार्टी की ही एक महिला कार्यकर्ता ने रेप का आरोप लगाया था।

