लोकसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस पार्टी सहित अन्य दलों ने सरकार पर लगातार हमले बोल रहे हैं। इन हमलों की एक बड़ी वजह विपक्षी नेताओं के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से सरकार द्वारा करवाई जा रही जांच है। हाल ही में जेल से प्रचार के लिए अंतरिम जमानत पर वापस आए अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि अगर चार जून को इंडिया गठबंधन की जीत हुई तो वो पांच जून को तिहाड़ जेल से बाहर आ जाएंगे।

अरविंद केजरीवाल के इस बयान पर कांग्रेस पार्टी के चीफ मल्लिकार्जुन खड़गे ने मुहर लगा दी है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने झारखंड के हजारीबाग में एक जनसभा में लोगों ने कहा कि हमारे जितने भी लोगों को बेवजह जेल में डाला है, हम सबको छुड़ाएंगे और उन्हें आपके साथ खड़ा लाकर करेंगे। जो लोग आपके साथ लड़ते हैं, उन्हें हिम्मत देना हमारा काम है। इस दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे ने ये भी कहा कि ये चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है, अगर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी ने फिर से जीत दर्ज की तो भविष्य में चुनाव नहीं होंगे। ये चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है।

क्या बोले अरविंद केजरीवाल?

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि अगर लोकसभा चुनाव के परिणाम की घोषणा के बाद ‘इंडिया’ गठबंधन सत्ता में आता है तो वह पांच जून को तिहाड़ जेल से बाहर आ जाएंगे। केजरीवाल ने कहा,  “मुझे दो जून को जेल वापस जाना होगा। मैं जेल के अंदर चार जून को चुनाव परिणाम देखूंगा। अगर इंडिया गठबंधन सत्ता में आता है तो पांच जून को मैं वापस आऊंगा।”

हजारीबाग में क्या बोले कांग्रेस अध्यक्ष?

झारखंड में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी को लेकर भी प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर साहस है तो वह “अडाणी और अंबानी” को गिरफ्तार करके दिखाएं। उन्होंने दावा किया, “संविधान और लोकतंत्र खतरे में हैं और लोग भी खतरे में हैं। यदि आपके पास मौलिक अधिकार नहीं रहेंगे तो आप गुलाम बन जाएंगे। अगर इस बार मोदी जीते तो भविष्य में चुनाव नहीं होंगे।”

खड़गे ने कहा, “आपने हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया, आप अडाणी और अंबानी को क्यों गिरफ्तार नहीं कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि अगर इंडिया गठबंधन सत्ता में आया तो केंद्र में मोदी सरकार द्वारा गिरफ्तार किए गए सभी नेताओं को रिहा कर दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया सत्ता में मोदी की वापसी असंभव है।