मध्यप्रदेश में 15 सालों बाद कांग्रेस की सत्ता में वापसी हो रही है। प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के रूप कमलनाथ आज शपथ लेंगे। इससे पहले भोपाल के तमाम चौराहों को कांग्रेस के होर्डिंग्स, बैनर और कटआउट से पाट दिया गया है। जिनकी संख्या 50 हजार से भी ज्यादा बताई जा रही है। इन पोस्टरों में विधानसभा चुनाव में मिली कांग्रेस की जीत और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनाए जाने के बधाई संदेश दिए गए है। शहर की अधिकांश सड़कों पर ये नजारा देखने को मिला है।
मध्यप्रदेश में 11 दिसंबर को विधानसभा चुनाव के परिणाम आये थे। जिसमें कांटे की टक्कर में कांग्रेस ने 15 साल से सत्ता पर काबिज को हराया था। प्रदेश में कमलनाथ आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। जाहिर इतने सालों बाद सत्ता में वापसी से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश होगा। शायद इसी का परिणाम है कि रोशनपुरा चौराहा रोड, वीआईपी रोड, कमला पार्क, एमपी नगर, बोर्ड ऑफिस चौराहा, व्यापमं चौराहा, भेल दशहरा मैदान रोड, जंबूरी मैदान आदि स्थानों को कांग्रेस के नेताओं, समर्थकों ने होर्डिंग, बैनर, पोस्टर से पाट दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इन बैनरों की संख्या 50 हजार से भी अधिक है। इन होर्डिंग्स में कांग्रेस को मिली जीत और कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनाये जाने पर बधाई संदेश लिखे है।
गौरतलब है कि शहर में लगे कांग्रेस के इन होर्डिंग में इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, कमलनाथ के साथ संजय गांधी के फोटो को भी प्रमुखता से स्थान दिया गया है। शहर भर में लगी होर्डिंग को लेकर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कैलाश मिश्रा ने कहा कि निगम के ठेकेदारों की अनुमति और सहमति से ही ये होर्डिंग लगाए हैं। उन्होंने कहा की खंभे और पेड़ों पर होर्डिंग लगाने की परंपरा तो करीब 15 साल पुरानी है। वहीं नगर निगम के उपायुक्त मिलिंद ढोके का कहना है कि बिना अनुमति बधाई संदेश लगाना गलत है। शहर में लगे अवैध होर्डिंग, बैनर और पोस्टर पर कार्रवाई की जाएगी।