MP Assembly Election Results 2018 Winners List: मध्यप्रदेश की सभी 230 सीटों के चुनावी नतीजे बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक आ गए। कांग्रेस को सरकार बनाने में वहां चार निर्दलीय उम्मीदवारों में से एक या समाजवादी पार्टी (सपा) के इकलौते विधायक की सहायता लेनी पड़ेगी। चूंकि कांग्रेस के खाते में 114 और भाजपा के खाते में 109 सीटें आई हैं। वहीं, मायावती की बहुजन समाजवादी पार्टी (बसपा) को दो सीटें मिलीं, जबकि अखिलेश यादव नीत सपा को एक सीट हासिल हुई। इसके अलावा चार निर्दलीय उम्मीदवार भी जीते हैं।
हालांकि, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने अपनी परंपरागत सीट बुधनी से 58,999 मतों के अंतर से जीत हासिल की है। उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरुण यादव को मात दी। बता दें कि सूबे में वोटिंग 28 नवंबर को हुई थी। नीचे फोटो पर क्लिक कर जानें मध्य प्रदेश के सभी 230 विधायकों का ब्यौराः
पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के परिणाम यह हैं।Election Result 2018: Rajasthan | Telangana | Mizoram | Chhattisgarh Election Result 2018
जबलपुर केंट सीट से बीजेपी उम्मीदवार अशोक ईश्वरदास रोहाणी ने जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस पं.आलोक मिश्रा को 26585 वोटों से हरा दिया है।
ईवीएम को लेकर राहुल गांधी ने कहा, "जहां तक ईवीएम की बात है, इससे जुड़े कई मसले हैं। अगर लोग ईवीएम से संतुष्ट नहीं है तो यह एक बड़ा मसला है जिसे हल किया जाना जरूरी है।" उन्होंने आगे कहा, "अगर चिप से छेड़छाड़ हुई है तो यह पूरे वोटिंग सिस्टम पर असर डाल सकता है। लेकिन ऐसा मैनुअल वोटिंग में नहीं हो सकता है। यूके और अन्य कई देशों में लोगों को ईवीएम नहीं चाहिए थी।"
बीजेपी की विचारधारा पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा, "सपा, बसपा और कांग्रेस की विचारधारा एक है जो बीजेपी से अलग है।" वहीं मुख्यमंत्री पद की दावेरदारी को लेकर उन्होंने कहा कि यह कोई बड़ा मुद्दा नहीं है। इस काम को आराम से पूरा किया जाएगा।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की प्रेस वार्ता शुरू हो गई है। उन्होंने तेलंगाना और मिजोरम में जीतने वाली पार्टियों को बधाई दी है। वहीं छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस की जीत पर उन्होंने कहा, "यह जीत कांग्रेस के वरकर्स, छोटे व्यापारियों और किसानों की जीत है। कांग्रेस पार्टी के लिए यह एक बड़ी जिम्मेदारी है और हम इस पर काम करेंगे।"
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अब से थोड़ी ही देर में प्रेस वार्ता करेंगे। सभी राज्यों के विधानसभा चुनाव नतीजे अब तय हो चुके हैं। तीन राज्यों में कांग्रेस की जीत तय है। हालांकि मध्यप्रदेश में अभी किसी को भी बहुमत नहीं मिला है।
मध्य प्रदेश में जबलपुर उत्तर सीट पर कांग्रेस के विनय सक्सेना बढ़त बनाए हुए हैं। उनके पीछे हैं भारतीय जनता पार्टी के शरद जैन। हालांकि दोनों के बीच मार्जिन बहुत कम है। विनय सक्सेना 1154 वोटों से आगे चल रहे हैं।
भाजपा के कद्दावर मंत्री अजय विश्नोई जबलपुर की पाटन विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीत गए हैंं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के नीलेश अवस्थी को 15000 वोटों से पराजित किया है। चुनाव जीतने के बार विश्नोई ने भाजपा की हार का कारण गलत तरीके से बांटे गए टिकट को बताया है।
मध्य प्रदेश की भोपाल दक्षिण पश्चिम सीट पर मुकाबला अब रोमांचक हो गया है। यहां मध्य प्रदेश के कद्दावर मंत्री और भाजपा उम्मीदवार उमाशंकर गुप्ता को कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रकाश चंद्र शर्मा ने चुनौती दी थी। चुनाव आयोग की घोषणा के मुताबिक, प्रकाश चंद्र शर्मा अपने प्रतिद्वंद्वी उमाशंकर गुप्ता से छह वोटों से आगे चल रहे हैं।
मध्य प्रदेश की भोजपुर विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी सुरेंद्र पटवा ने जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी सुरेश पचौरी को पराजित किया है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के पुत्र आकाश विजयवर्गीय मध्य प्रदेश की इंदौर—3 विधानसभा सीट से 7000 से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत गए हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के अश्विनी जोशी को करारी मात दी है।
मध्य प्रदेश के देवास जिले से भाजपा की गायत्री राजे पंवार ने कांग्रेस के जयसिंह को 25000 मतों से जीतीं। हाटपिपलिया से कांग्रेस के मनोज चौधरी ने मंत्री दीपक जोशी को 10 हजार से अधिक मतों से हराया। सोनकच्छ से कांग्रेस के सज्जन सिंह वर्मा ने भाजपा के राजेंद्र वर्मा को 8000 मतों से हराया। बागली में भाजपा के पहाड़ सिंह ने कांग्रेस के कमल वास्कले को 11000 मतों से हराया है। वहीं खातेगांव से भाजपा के आशीष गोविंद शर्मा ने कांग्रेस के ओम पटले को 6000 मतों से हराया।
मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले की राजपुर विधानसभा सीट से भाजपा के अंतरदेवी सिंह पटेल हार गए हैं। जबकि कांग्रेस के बाला बच्चन 1500 वोटों से जीत चुके हैं। जबकि बड़वानी (ST) सीट से भाजपा के प्रेम सिंह पटेल जीत गए हैं और कांग्रेस के रमेश पटेल को हार का मुंह देखना पड़ा है। सेंधवा सीट से भाजपा के अंतर सिंह आर्य हार गए हैं जबकि कांग्रेस के ग्यारसी लाल रावत को विजय श्री हासिल हुई है।
इंदौर जिले की देपालपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी विशाल पटेल ने भाजपा के मनोज पटेल को 11,000 वोटों से मात दी है।
मध्य प्रदेश की इंदौर—4 विधानसभा सीट से भाजपा की उम्मीदवार मालिनी गौड़ ने जीत हासिल की है। मालिनी ने अपनी प्रतिद्वंद्वी मुकाबिल कांग्रेस के सरजीत सिंह चड्ढा 41000 वोटों से हराया है।
मध्य प्रदेश की इंदौर-2 विधानसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार रमेश मेंदोला ने जीत हासिल की है। मेंदोला ने अपने करीबी मुकाबिल कांग्रेस के मोहन सेंगर को 46000 वोटों से हराया है।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कांग्रेस के कद्दावर नेता माने जाने वाले आरिफ अकील ने चुनाव जीत लिया है। आरिफ अकील ने चुनाव में अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी फातिमा रशीद सिद्दीकी को हराया है।
मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनावों में भाजपा का खाता खुल चुका है। रतलाम ग्रामीण सीट पर भाजपा के दिलीप कुमार मकवाना चुनाव जीत गए हैं। उन्हें 79806 वोट मिले हैं। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के थावर लाल भूरिया को 74,201 वोट मिले हैं।
मध्य प्रदेश की मुरैना विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी और शिवराज सरकार में मंत्री रहे रुस्तम सिंह की सीट भी संकट में दिख रही है। रुस्तम सिंह वर्तमान में तीसरे स्थान पर चल रहे हैं।
कांग्रेस नेता एवं मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भी सीधी जिले की चुरहट से 2,014 मतों से पीछे चल रहे हैं।
मध्य प्रदेश विधानसभा के चुनाव परिणाम के ताजा नतीजों की बात करें तो पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के भांजे अनूप मिश्रा (भाजपा) ग्वालियर की भितरवार सीट से 502 मतों से पीछे चल रहे हैं।
पांच चरण में वोटों की गिनती पूरी होने के बाद बुधनी सीट पर मुख्यमंत्री शिवराज 10 हजार से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं।
भाजपानीत मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सरकार के नौ मंत्री और प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह अपने-अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों से पीछे चल रहे हैं।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में चुनाव नतीजों का रुझान आते ही तस्वीर साफ होने लगी है। बहुमत का स्पष्ट आंकड़ा किसी भी दल को नहीं मिला है। ऐसे में जोड़-तोड़ की कवायद भी शुरू हो गई है। राजस्थान में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने साफ तौर पर कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस की ही सरकार बनेगी। प्रदेश में सपा और बसपा सांप्रदायिक भाजपा को दूर रखने के लिए हमारे साथ है। वहीं मध्य प्रदेश में भी कहा जा रहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निजी तौर पर बसपा से हाथ मिलाने के लिए संपर्क किया है।
मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव के नतीजे थोड़ी ही देर में सामने आने लगेंगे। अगर रुझानों की बात करें तो मध्य प्रदेश में भाजपा फिलहाल 116 सीटों पर आगे चल रही है। जबकि मुख्य विपक्षी कांग्रेस 105 सीटों पर कड़ी टक्कर दे रही है। जबकि अन्य उम्मीदवार 9 सीटों पर आगे चल रहे हैं।