उत्तर प्रदेश के उन्नाव में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के एक रोडशो में हंगामा देखने को मिला। उन्नाव में कांग्रेस प्रत्याशी अनु टंडन के प्रचार के लिए पहुंची प्रियंका एक रोडशो में हिस्सा ले रही हैं थी, तभी हाथ में काले झंडे लहराते बीजेपी के कुछ कार्यकर्ता पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने ‘प्रियंका गांधी वापस जाओ’ के नारे लगाने शुरू कर दिया। इस दौरान गुस्साए कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बीजेपी समर्थकों को पीटने के लिए दौड़ा लिया।

‘न्यूज तक’ ने एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में दिखाई दे रहा है कि प्रियंका गांधी रोड शो कर रही हैं। भारी संख्या में कांग्रेस के समर्थक इस रोड शो में हिस्सा ले रहे हैं। प्रियंका का काफिला धीरे-धीरे सड़क से गुजर रहा है। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े करीब चार से पांच की संख्या में बीजेपी के समर्थकों ने प्रियंका के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। बीजेपी कार्यकर्ता काला झंडा भी लहरा रहे थे। बीजेपी कार्यकर्ता ‘प्रियंका गांधी वापस जाओ’ के नारे लगा रहे थे। तभी कांग्रेस के समर्थक भड़क उठे और इन्हें धक्का देते हुए पीटने के लिए दौड़ा लिया। गंभीर स्थिति को भांपते हुए बीजेपी समर्थक भी मौके से फरार हो गए।

प्रियंका गांधी ने अनु टंडन के साथ एक खुली गाड़ी में सवार होकर रोड-शो किया। प्रियंका को देखने के ले लिए लोग सड़क के अलावा मकानों की छतों पर दिखाई दे रहे थे। इस दौरान प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर हमला बोला और कहा कि पिछले पांच सालों में विकास का कोई भी काम नहीं हुआ है। रोड शो में कांग्रेस के कार्यकर्ता मोदी और अनिल अंबानी के एक साथ तस्वीर वाले झंडे भी लिए हुए थे। साथ ही कई बैनरों पर ‘चौकीदार चोर है’ का नारा भी लिखा हुआ था।