Lok Sabha Election 2019: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। 11 अप्रैल को पहले चरण का मतदान होगा। मतदाताओं को अपनी ओर गोलबंद करने के लिए नेताओं का चुनावी दौरा शुरू हो चुका है। सभाओं में तरह-तरह के वादे किए जा रहे हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी एनडीए के पक्ष में मतदान करनेे के लिए वोटरों से अपील कर रहे हैं। हालांकि, उनका प्रचार करने का अंदाज औरों से जुदा है। उनके एक सभा का वीडियो सामने आया है, जिसमें वे वोटरों से कह रहे हैं कि 13 साल की सेवा से खुश हैं तो हमें मजदूरी दीजिए। यह मजदूरी एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में वोट देकर दीजिए। साथ ही उन्होंने अपने संबोधन में विरोधियों पर भी निशाना साधा।
नीतीश कुमार ने कहा, “याद रखिएगा। काम के बारे में सोचिएगा। दिल से सोचिएगा। मन से सोचिएगा। किसी के चक्कर में मत पड़िएगा। और जिसके लिए हमने किया, वह हमारे साथ धोखा कर सकता है। आप वोट दीजिएगा, आपके साथ धोखा करने से कोई अपने आप को वंचित नहीं करेगा। ये हम आपको बता रहें हैं लेकिन सोचना आपका काम है। सोचना मेरा काम नहीं है। हमारा काम तो सिर्फ काम करना है। हम तो 13 साल से सेवा कर रहे हैं। बताइए कोई तबका, कोई वर्ग उपेक्षित रहा है।”
विरोधियों पर हमला बोलते हुए सीएम नीतीश ने कहा, “कुछ लोग सत्ता पाना चाहते हैं और सत्ता में आकर के धर्नाजन करना चाहते हैं। मेवा प्राप्त करना चाहते हैं। कैसी राजनीति चाहिए, कैसी हुकूमत चाहिए, कैसी सरकार चाहिए? सेवा वाली सरकार चाहिए या मेवा वाली सरकार चाहिए, ये ये आपलोगों को तय करना है। आपने मौका दिया। हम तो लोगों की खिदमत करते हैं और करते रहेंगे। हम इतना बात जरूर कहेंगे कि काम किए हैं और काम के आधार पर वोट मांगने आए हैं। हम 13 साल से सेवा कर रहे हैं। आपसे इस बार मजदूरी मांगने के लिए आए हैं। अगर हमारी सेवा से संतुष्ट हैं तो मजदूरी दीजिए। मजदूरी का मतलब है 11 अप्रैल को कमल का बटन दबा कर के वोट दीजिए। एनडीए के उम्मीदवार को विजयी बनाइए। यही मेरे लिए मजदूरी है।”
नीतीश कुमार ने वहां मौजूद लोगों से पूछा, “वोट दीजिएगा न। मजदूरी दीजिएगा न।” वहां मौजूद लोगों ने हाथ उठाकर हां का जवाब दिया। इसके बाद नीतीश कुमार ने कहा, “हाथ उठाकर हां बोले हैं। वहां देख लीजिए, सामने सूर्य भगवान हैं। चाहे कोई धर्म को मानिए। ये पृथ्वी उन्हीं की कृपा से है। 11 तारीख का दिन भी सूर्य भगवान का ही है। हाथ उठा लिए हैं सूर्य भगवान के सामने, वोट देना नहीं भूलिएगा। एक-एक वोट कमल का बटन दबाकर दीजिएगा। हमलोग आपकी सेवा करते रहेंगे। मोदी जी देश की सेवा करते रहेंगे। देश आगे बढ़ेगा। देश की इज्जत आगे बढ़ेगी।”