पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। यह चर्चा है कि वह बठिंडा लोकसभा से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं। कांग्रेस ने उन्हें उम्मीदवारी के लिए मना लिया है। इससे पहले वह खुद भी राजनीति में आने के संकेत दे चुके हैं। वह हाल ही में पिता बनने के बाद भी काफी सुर्खियों में आए थे। फिलहाल उनकी उम्मीदवारी को लेकर घोषणा नहीं हुई है लेकिन इस तरह के कयास लगातार जारी हैं।
क्या है चर्चा?
पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद उनके पिता ने लंबी न्याय की लड़ाई लड़ी है। वह लगातार कहते रहे हैं कि वह बेटे की हत्या पर चुप नहीं बैठेंगे और न्याय मिलने तक संघर्ष करेंगे। सिद्धू मूसेवाला भी पंजाब कांग्रेस का हिस्सा थे और चुनावी मैदान में भी उतरे थे। वह कांग्रेस के टिकट पर मानसा विधानसभा से मैदान में थे लेकिन चुनाव हार गए थे। अब कांग्रेस ने उनके पिता को चुनावी मैदान में उतरने के लिए मनाया है, ऐसी खबरे हैं। वह खुद भी कई मर्तबा चुनाव लड़ने का संकेत दे चुके हैं।
बठिंडा सीट का क्या है हाल?
यहां बात की जाए बठिंडा लोकसभा सीट की तो इस सीट पर अकाली दल का कब्जा है। यहां से हरसिमरत कौर बादल सांसद बनती रही हैं। पिछले दो चुनावों की बात करें तो बठिंडा सीट 2019 में बठिंडा सीट से शिरोमणि अकाली दल की उम्मीदवार हरसिमरत कौर बादल जीतीं और सांसद बनीं थीं। उन्हें कुल 492824 वोट मिले थे। जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार अमरिंदर सिंह राजा वारिंग कुल 471052 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे। लोकसभा चुनाव-2014 में हरसिमरत कौर बादल ही जीतीं और सांसद बनीं थीं। उन्हें कुल 514727 वोट मिले थे। वहीं कांग्रेस के उम्मीदवार मनप्रीत सिंह बादल 495332 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे।