Lok Sabha Elections 2019: केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का गुरुवार (9 मई, 2019) को चुनाव प्रचार के दौरान आमना सामना हो गया। दरअसल प्रियंका गांधी का रोड शो सुलतानपुर शहर में दरियापुर ओवरब्रिज के पास से शुरु होकर बाधमंडी, राहुल चौराहा, लालडिग्गी चौराहा, प्रधान डाकघर चौराहा, जिला अस्पताल चौराहा, सब्जी मंडी होते हुए मालगोदाम तिराहे पर समाप्त होना था। जब प्रियंका गांधी का रोड शो शुरू हुआ उसी दौरान केंद्रीय मंत्री व सुलतानपुर से भाजपा प्रत्याशी मेनका गांधी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की जनसभा से लौट रही थीं और इस प्रकार से दोनों का काफिला एक दूसरे के सामने आ गया। ऐसा ट्रैफिक जाम लगने की वजह से हुआ। इस दौरान प्रियंका ने हाथ हिला कर मेनका का अभिवादन किया और दोनों का काफिला आगे बढ़ गया।
बता दें कि प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर खूब निशाना साधा। प्रियंका ने मोदी पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने उनसे बड़ा ”कायर” और ”कमजोर” प्रधानमंत्री जिंदगी में नहीं देखा। प्रियंका ने यहां एक चुनावी जनसभा में कहा, ”इनसे बड़ा कायर और कमजोर प्रधानमंत्री मैंने जिंदगी में नहीं देखा।” उन्होंने कहा, ”राजनीतिक शक्ति बड़े बड़े प्रचार से नहीं आती। टीवी पर दिखाने से नहीं आती राजनीतिक शक्ति वो शक्ति होती है, जो यह माने कि जनता सबसे बड़ी है।’’ प्रियंका ने कहा , ”जनता की बात सुनने की शक्ति, समस्याओं को सुलझाने की शक्ति, आलोचना सुनने की शक्ति, विपक्षी दलों की बातें सुनने की शक्ति। लेकिन प्रधानमंत्री आपकी बात सुनना छोड़िए, आपको जवाब देना नहीं जानते।”
उन्होंने कहा, ”आपको एक बहुत बड़ा धोखा दिया है इस सरकार ने। किसानों को वादा किया था कि आमदनी दोगुनी होगी। आवारा पशु की समस्या से आप परेशान हैं। आपकी बेटियां पूरे दिन इस गर्मी में खेतों में रखवाली करती हैं। आप रात में खेतों में बैठते हैं। बारह हजार किसानों ने आत्महत्या की।” प्रियंका ने कहा कि किसानों को बीज और खाद समय पर नहीं मिल रहा है। किसान कर्ज में डूब रह है और कर्ज माफ हो रहे हैं बड़े-बड़े उद्योगपतियों के… आपकी आमदनी दोगुनी नहीं आधी हो रही है।”
मोदी पर हमला जारी रखते हुए प्रियंका ने कहा, ”खूब घूमते हैं… अलग अलग तरह के प्रचार करते हैं। आपको बताते हैं कि ये देश बहुत फल-फूल रहा है। उनके शासन में जितना विकास पांच साल में हुआ उतना 70 साल में नहीं हुआ।” उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े प्रचार के बावजूद किसान परेशान है। किसान की जो परिस्थिति आज है, देश में पहले कभी नहीं रही।
