Who Is CP Joshi: राजस्थान की चित्तौड़गढ़ लोकसभा से सीपी जोशी एक बार फिर मैदान में होंगे। वह फिलहाल भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हैं। राजस्थान विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के बाद उनका कद काफी बड़ा हुआ माना जाता है। चित्तौड़गढ़ से दो बार सांसद रहे और राजस्थान में बीजेपी के एक मजबूत ब्राह्मण नेता माने जाते हैं। सीपी जोशी का राजनीतिक बैकग्राउंड आरएसएस से जोड़कर देखा जा सकता है।

सीपी जोशी के बारे में…

सीपी जोशी को मेवाड़ क्षेत्र का लोकप्रिय, सरल और मृदुभाषी नेता माना जाता है। उनकी राजनीति कॉलेज से शुरू हुई जब वे 1994 से 1996 तक छात्रसंघ के उपाध्यक्ष रहे। इसके बाद वह एबीवीपी में शामिल हो गए और साल 2000 में चित्तौड़गढ़ जिला परिषद के सदस्य बने।

वह बीजेपी में जिला उपाध्यक्ष,जिला अध्यक्ष, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य (दो बार) रहे। वह भदेसर पंचायत समिति (2005-2010) में उप-प्रधान भी रहे। वह भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बने। वह कुश्ती संघ, चित्तौड़गढ़ के जिला अध्यक्ष भी थे। उन्होंने जिला और राज्य स्तर पर कुश्ती, पावर लिफ्टिंग, बैडमिंटन, क्रिकेट, कबड्डी आदि में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया।

2014 में बने सांसद

वह 2014 में 16वीं लोकसभा और 2019 में 17वीं लोकसभा के लिए चित्तौड़गढ़ लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से दो बार सांसद बने। 2020 में बीजेपी राजस्थान का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया और फिर 2023 में वह प्रदेश अध्यक्ष पद तक पहुंचे।

इस बार भी बीजेपी ने उन्हें चित्तौड़गढ़ लोकसभा से मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने सीपी जोशी के सामने उदयलाल आंजना को प्रत्याशी बनाया है। वह पूर्व सीएम अशोक गहलोत के करीबी माने जाते हैं।