Lok Sabha Election 2019 के लिए तारीखों के ऐलान के एक दिन बाद महाराष्ट्र से बड़ी खबर सामने आई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अध्यक्ष शरद पवार चुनाव नहीं लड़ेंगे। पवार ने महाराष्ट्र के पुणे में एक चुनावी कार्यक्रम के दौरान यह ऐलान किया है। उल्लेखनीय है कि एनसीपी इस बार फिर कांग्रेस के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है।
महाराष्ट्र के सबसे कद्दावर नेताओं में शुमार पवार फिलहाल महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद हैं। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री शरद पवार पिछली यूपीए सरकार में कृषि मंत्रालय के साथ-साथ उपभोक्ता, खाद्य एवं पीडीएस मंत्री भी रह चुके हैं। पवार 1991 से 2009 तक वे महाराष्ट्र के बारामती से लोकसभा सांसद रहे हैं। 48 लोकसभा सीटों वाले महाराष्ट्र में 2014 में उनकी पार्टी ने 21 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन महज चार सीटों पर जीत मिली थी। वहीं इस चुनाव में उसकी गठबंधन की साथी कांग्रेस ने 26 सीटों पर चुनाव लड़ा था लेकिन महज दो ही सीटें जीत पाई थीं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 2019 लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और एनसीपी में सीटों का बंटवारा हो चुका है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस 26 और एनसीपी 22 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। लोकसभा सीटों के लिहाज से महाराष्ट्र (48) उत्तर प्रदेश (80) के बाद दूसरा सबसे बड़ा राज्य है। राज्य में लोकसभा चुनाव के ठीक बाद अक्टूबर में विधानसभा चुनाव भी होने हैं। चुनाव आयोग की तरफ से रविवार (10 मार्च) को किए गए ऐलान के मुताबिक महाराष्ट्र में चार चरणों में चुनाव होंगे। इसके लिए 11 अप्रैल, 18 अप्रैल, 23 अप्रैल और 29 अप्रैल की तारीख तय की गई है।