‘अजहर मसूद कांग्रेसियों का रिश्तेदार है।’ ‘राहुल गांधी नेहरू के अधूरे षडयंत्र को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।’ ऐसे निशाने हरियाणा में बीजेपी के नेता कांग्रेस पर साध रहे हैं। उनके निशाने पर मुख्य रूप से नेहरू-गांधी परिवार की राजनीतिक विरासत है। विजय संकल्प रैली में हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू पर हमला किया। कांग्रेस पर विज ने आतंकियों को पनाह देने और नेहरू पर देश को बांटने का आरोप लगाया।
अनिल विज ने कहा कि जैश-ए-मोहम्मद का सरगना अजहर मसूद कांग्रेसियों का रिश्तेदार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग अजहर को जी और साहब कहकर संबोधित करते हैं। विज ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि जितना सम्मान उन्होंने आतंकियों को दिया है, उतना तो अपने पिता को भी नहीं दिया होगा।
हरियाणा के मंत्री यहीं नहीं रुके उन्होंने तो यहां तक कह डाला कि कांग्रेस का घोषणापत्र आतंकियों ने बनाया है। इसके लिए उन्होंने राहुल गांधी की पारिवारिक पृष्ठिभूमि को भी आरोपों के दलदल में घंसीट लिया। विज ने कहा कि राहुल गांधी नेहरू के अधूरे षड्यंत्र को पूरा करने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस के घोषणा पत्र में राष्ट्रद्रोह की धारा खत्म करने और अनुच्छेद 370 को खत्म नहीं करने की बात करना इसका सबूत है। अनिल विज ने दावा किया कि देश में मोदी के सामने कोई नहीं टिक पाएगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन खड़ा किया गया है, लेकिन इनके पास न कोई नेता है औ न ही नीति।