Lok Sabha Election 2019: कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी चुनाव प्रचार के साथ ही अपने अन्य गतिविधियों को लेकर भी मीडिया में सुर्खियां बटोरती रहती हैं। प्रियंका बृहस्पतिवार को चुनाव प्रचार के सिलसिले में रायबरेली पहुंची थी। प्रियंका ने इस दौरान वहां सपेरों से भी मुलाकात की।

प्रियंका ने ना सिर्फ सपेरों के साथ मुलाकात की बल्कि आराम से उनके बीच बैठकर उनकी बातें भी सुनी। इतना ही नहीं प्रियंका ने बिना किसी झिझक के सांपों को अपने हाथों में लिया। सांपों को पकड़त समय प्रियंका सांपों से बिल्कुल भी नहीं डरीं। उन्होंने बड़े सांप के साथ ही छोटे सांप को भी हाथों में लिया।

कुछ समय पहले ही प्रियंका गांधी अपने भाई और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से कानपुर एयरपोर्ट पर दिखाई दी थीं। इस दौरान दोनों भाई-बहन बेहद हल्के-फुल्के अंदाज में एक दूसरे से मिल रहे थे। राहुल गांधी ने इस मुलाकात का वीडियो फेसबुक पर शेयर किया था। चुनावी प्रचार के बीच दोनों बिल्कुल कूल अंदाज में दिखाई दे रहे थे।

 

वीडियो में भाई-बहन के बीच जबरदस्त बॉन्डिंग देखने को मिली रही थी। इससे पहले रायबरेली में पत्रकारों से बातचीत में प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस की विचारधारा बिल्कुल विपरीत है। हम हमेशा भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़ी है। वे राजनीति में हमारे मुख्य प्रतिद्वंद्वी हैं।

प्रियंका ने कहा, ‘हमें पूरा यकीन है कि यूपी में कांग्रेस के अलग चुनाव लड़ने से भाजपा को किसी भी तरह से फायदा नहीं होगा। हम मजबूती से लड़ रहे हैं और हमारा उम्मीदवार भी मजबूत हैं।’ कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘मेरा फोकस 2019 और 2022 (यूपी के विधानसभा चुनाव) दोनों पर है। मैं कांग्रेस को मजबूत करना चाहती हूं जिससे कि हम मजबूती से लड़ सकें।’

उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसा नैरेटिव तैयार करना चाहती है जिसका लोगों से कोई सरोकार नहीं है। मैं लोगों का ध्यान वास्तविक मुद्दों की तरफ लाना चाहती हूं। इससे पहले कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा के गठबंधन में शामिल होने से इनकार कर दिया था। इसके बाद कांग्रेस अकेले उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ रही है। वहीं, सपा-बसपा एक साथ मिलकर भाजपा को हराने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाह रहे हैं।

Read here the latest Lok Sabha Election 2019 News, Live coverage and full election schedule for India General Election 2019