Lok Sabha Election 2019: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को पश्चिम बंगाल के जादवपुर में रैली करने की अनुमति नहीं दी गई है। शाह लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के लिए मतदान से पहले जादवपुर में रैली करना चाहते थे।

समाचार एजेंसी एएनआई ने रैली की अनुमति नहीं मिलने की जानकारी सूत्रों के हवाले से दी है। सूत्रों का कहना है कि जिला प्रशासन ने पहले भाजपा अध्यक्ष के हेलिकॉप्टर को यहां उतरने की अनुमति दे दी थी। यह पहली बार नहीं है जब भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को अनुमति नहीं दी गई है।

इससे पहले इस साल जनवरी में भी अमित शाह के हेलिकॉप्टर को मालदा जिले में उतरने की अनुमति नहीं दी गई थी। शाह को मालदा जिले में रैली को संबोधित करना था। हालांकि, बाद में प्रशासन ने अंतिम समय में शाह की रैली को आयोजित करने की अनुमति दे दी थी।

उस समय अपने बचाव में मालदा प्रशासन ने कहा था कि निर्माण कार्य के कारण उस समय वीवीआईपी लोगों के हेलिकॉप्टर को अनुमति देना संभव नहीं था। वहीं भाजपा नेता रवि शंकर प्रसाद का दावा था कि जिस जगह शाह को उतरना था, उस स्थान का प्रयोग राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के द्वारा किया जाना था।

यूपी के सीएम योगी को भी नहीं दी थी अनुमतिः ममता सरकार ने  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हेलिकॉप्टर को भी पश्चिम बंगाल में उतरने की अनुमति नहीं दी गई थी। इस वजह से योगी को झारखंड के बोकारो में उतरना पड़ा था। इसके बाद वह पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में रैली करने के लिए सड़क मार्ग के जरिये पहुंचे थे।

फोन पर रैली को किया था संबोधितः इस साल 3 फरवरी को यूपी के सीएम आदित्यनाथ को नॉर्थ दिनाजपुर जिले के रायगंज और साउथ दिनाजपुर के बालूरघाट में दो रैलियों को संबोधित करना था। हालांकि, ममता सरकार की तरफ से हेलिकॉप्टर के उतरने की अनुमति नहीं मिलने पर उन्होंने फोन पर ही रैली को संबोधित किया था। सरकार का कहना था कि उन्होंने पहले से इसकी जानकारी नहीं दी थी।