Lok Sabha Election 2019: चंडीगढ़ लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद और एक बार फिर भाजपा द्वारा इस सीट से उम्मीदवार बनायी गई किरण खेर ने गुरुवार को नामांकन किया। नामांकन के दौरान किरण खेर ने अपनी जो संपत्ति घोषित की है, उसके मुताबिक किरण खेर की संपत्ति अपने पति और मशहूर फिल्म अभिनेता अनुपम खेर से दोगुनी है। किरण खेर के चुनावी हलफनामे के तहत उनके पास 16 किलो के करीब स्वर्ण आभूषण हैं, जिनमें से 4 किलो स्वर्ण आभूषणों की बढ़ोत्तरी बीते 5 सालों के दौरान हुई है।
किरण खेर की चल संपत्ति में करीब 9.28 करोड़ रुपए का उछाल आया है। 2014 के लोकसभा चुनावों में किरण खेर ने जो अपनी संपत्ति घोषित की थी, उसमें 12 किलो स्वर्ण आभूषण और 8 किलो चांदी के आभूषण बताए थे। इस बार सोने के आभूषण बढ़कर 16 किलो हो गए हैं, वहीं चांदी के आभूषणों में कोई बढ़ोत्तरी नहीं हुई है। इस तरह किरण खेर के पास कुल 4.63 करोड़ रुपए के आभूषण ही हैं। बीते लोकसभा चुनावों के मुकाबले किरण खेर की चल संपत्ति में भी उछाल आया है। पिछली बार जहां उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 7.69 करोड़ रुपए दर्शायी थी, वहीं इस बार वह 9.28 करोड़ रुपए बढ़कर कुल 16.97 करोड़ रुपए हो गई है। हालांकि किरण खेर की अचल संपत्ति में पिछली बार के मुकाबले गिरावट आयी है।
2014 में किरण खेर की अचल संपत्ति 16.19 करोड़ रुपए थी, जबकि इस बार यह घटकर 13.91 करोड़ रुपए रह गई है। बता दें कि किरण खेर के पति अनुपम खेर के पास 16.61 करोड़ रुपए की संपत्ति है। वहीं किरण खेर के हलफनामे के मुताबिक उनके पास कुल 30.88 करोड़ रुपए की संपत्ति है। शिक्षा की बात करें तो किरण खेर ने साल 1973 में पंजाब यूनिवर्सिटी से अंग्रेजी साहित्य में एमए किया हुआ है। चंडीगढ़ लोकसभा सीट से इस बार किरण खेर का मुकाबला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन बंसल के साथ होगा।
