Karnataka Election Results 2018: कर्नाटक किसका होगा? इसका फैसला होने में अब चंद घंटे बचे हैं। 222 विधान सभा सीटों पर शनिवार (12 मई) को वोटिंग हुई थी। अब मंगलवार (15 मई) को इसके नतीजे आने वाले हैं। जिस दल के पास 113 सीटें आएंगी वही सिलिकॉन सिटी बेंगलुरु के विधान भवन में बतौर सीएम बैठाएगा। मंगलवार को कर्नाटक चुनाव परिणाम से जुड़े हरेक खबर जनसत्ता.कॉम आपको देगी।

बता दें कि कर्नाटक विधान सभा का मौजूदा कार्यकाल 28 मई को खत्म हो रहा है। उससे पहले राज्य में विधान सभा का गठन होना है। मौजूदा विधान सभा में कांग्रेस के पास कुल 122 सीटें हैं। कर्नाटक चुनाव परिणाम से जुड़ी हरेक जानकारी और उससे जुड़े पाठकों के सवालों का जवाब जनसत्ता.कॉम आपको उपलब्ध कराएगा।

1. कर्नाटक विधान सभा में कुल कितनी सीटें हैं?
कर्नाटक विधान सभा में कुल 225 सीटें हैं। इनमें से 224 सदस्य निर्वाचित होते हैं और एक सदस्य को राज्यपाल नामित करते हैं। इस बार शनिवार (12 मई) को कुल 222 सीटों पर चुनाव हुए हैं। दो सीटों पर चुनाव टल गया है, जिस पर बाद में चुनाव होगा। विधान सभा में बहुमत के लिए 113 सदस्यों की जरूरत होती है।

2. कर्नाटक विधान सभा में कितनी सीटें सुरक्षित हैं?
कर्नाटक विधान सभा में 224 में से 36 सीटें अनुसूचित जाति और 15 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं।

3. मौजूदा विधान सभा में दलगत स्थिति क्या है?
वर्तमान कर्नाटक विधान सभा में कांग्रेस के 122 विधायक हैं, जबकि बीजेपी के 40, जेडीएस के 40, केजेपी के 6 (इस पार्टी का बीजेपी में विलय हो चुका है) और अन्य के 16 विधायक हैं।

4. पिछला कर्नाटक विधान सभा चुनाव कब हुआ था और कितने फीसदी वोट पड़े थे?
इससे पहले कर्नाटक विधान सभा का चुनाव साल 2013 में हुआ था। तब 71.8 फीसदी लोगों ने वोट डाले थे।

5. मौजूदा चुनाव के एग्जिट पोल नतीजे क्या कहते हैं?
सभी एग्जिट पोल के नतीजे अलग-अलग नतीजे पेश करते हैं। पोल ऑफ एग्जिट पोल के मुताबिक विधान सभा त्रिशंकु हो सकता है। बीजेपी 100 सीटें लेकर सबसे बड़ी पार्टी और कांग्रेस 86 सीटें पाकर दूसरे नंबर की पार्टी हो सकती है। तीसरे नंबर पर जेडीएस 33 सीटें जीत सकती हैं। हालांकि, इंडिया टुडे- एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल में कांग्रेस को 106 से 118 सीटें मिलने का दावा किया गया है।

6. कर्नाटक चुनाव परिणाम ऑनलाइन हम कहां देख सकते हैं?
इसके लिए आप सीधे जनसत्ता.कॉम की वेबसाइट पर क्लिक करें। वहां कर्नाटक चुनाव परिणाम से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा आप चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाकर भी कर्नाटक चुनाव के नतीजे देख सकते हैं।

7. कर्नाटक चुनाव 2018 की विधानसभावार परिणाम ऑनलाइन कैसे देख सकते हैं?
जनसत्ता.कॉम आपको कर्नाटक चुनाव 2018 के परिणामों से जुड़ी हर जानकारी विधानसभावार ऑनलाइन उपलब्ध करा रहा है। इसके अलावा आप चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाकर भी हरेक विधान सभा और हरेक उम्मीदवार से जुड़ी जानकारी ले सकते हैं।