कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक रखी है। राहुल गांधी के बाद अब प्रियंका गांधी भी चुनावी मैदान में पूरी तरह सक्रिय हो गई हैं। पहले डोसा बना जनता का दिल जीतने की कोशिश करने वालीं प्रियंका ने अब बड़ा रोड शो किया है. उस रोड शो के दौरान प्रियंका ने जोर देकर कहा है कि राज्य में इस समय जमकर लूट हो रही है, लेकिन अब चुनावी जीत के बाद ये सब बंद हो जाएगा और 100 प्रतिशत विकास दिया जाएगा।

प्रियंका गांधी का विकास वाला दांव

जानकारी के लिए बता दें कि प्रियंका गांधी ने कर्नाटक के बेलगावी में एक रोड शो किया। उस रोड शो में भारी संख्या में लोग आए, कांग्रेस कार्यकर्ता दिखे। उस भीड़ को देख प्रियंका भी खासा उत्साहित हुईं और उन्होंने सभी का अभिवादन किया। उसके बाद उन्होंने रोड शो में आई भीड़ को संबोधित किया और जोर देकर कहा कि इस बार राज्य में कांग्रेस की सरकार आने वाली है। प्रियंका ने यहां तक कहा कि पिछली सरकार ने जीएसटी लाकर व्यापारियों को बर्बाद कर दिया, लेकिन अब लूट बंद हो जाएगी, काम शुरू होगा और 100 प्रतिशत विकास दिया जाएगा।

पीएम मोदी के आरोप का है काउंटर?

अब प्रियंका का ये बयान मायने रखता है, क्योंकि इस बार बीजेपी भी विकास के मुद्दे को भुनाने की पूरी कोशिश कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी तो अपनी हर रैली में डबल इंजन सरकार की बात कर रहे हैं, उनकी तरफ से कहा जा रहा है कि अगर कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार आई तो विकास रुक जाएगा। अब उसी बयान के बीच प्रियंका ने अपने रोड शो के दौरान कांग्रेस का विजन स्पष्ट कर दिया है। इससे पहले एक रैली को संबोधित करते हुए भी प्रियंका ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा था।

भ्रष्टाचार का मुद्दा भुनाया जा रहा

कर्नाटक के खानापुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, ‘भाजपा की सरकार ने कर्नाटक से 1.50 लाख करोड़ रुपए लूटे हैं। उन्होंने कहा कि ये लूट की, झूठ की सरकार है। इन पैसों से कर्नाटक में 100 AIIMS, बच्चों के लिए 30,000 स्मार्ट क्लासरूम, 30 लाख गरीबों के लिए घर बन सकते थे। बीजेपी ने हर स्तर पर लूटा है और राज्य की जनता को धोखा दिया है।