गोवा विधानसभा चुनाव रोचक होता जा रहा है और कई कारणों से यह चुनाव चर्चित भी बन रहा है। बता दें कि इस बार गोवा के चुनाव में 5 दंपती चुनावी मैदान में है। सबसे बड़ी बात सभी नेता अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ रहे हैं। अगर ये सभी चुनाव जीत जाते हैं तो गोवा के 40 सदस्यीय विधान सभा में 25 फ़ीसदी सदस्य पति-पत्नी होंगे। भाजपा ने दो तो कांग्रेस व टीएमसी ने एक-एक दंपती को टिकट दिया है। वहीं उपमुख्यमंत्री चंद्रकांत भाजपा से तो पत्नी सावित्री निर्दलीय मैदान में हैं। गोवा चुनाव में मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर भी मैदान में है। उत्पल पर्रिकर को बीजेपी ने टिकट नहीं दिया जिसके बाद वो निर्दलीय मैदान में उतर गए हैं। उत्पल पर्रिकर गोवा की पणजी सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

बीजेपी ने स्वास्थ मंत्री और उनकी पत्नी को दिया टिकट: भाजपा नेता और गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे को पार्टी ने वालपोई से टिकट दिया है तो उनकी पत्नी दिव्या राणे को पोरीईम से भाजपा ने टिकट दिया है। सबसे दिलचस्प बात पोरीईम सीट से दिव्या के ससुर प्रताप सिंह राणे कांग्रेस के विधायक हैं और 11 बार चुनाव जीत चुके हैं। इस बार भी कांग्रेस ने उन्हें प्रत्याशी बनाया लेकिन उन्होंने उम्र का हवाला देते हुए चुनाव लड़ने से मना कर दिया है।

वहीं बीजेपी ने गोवा की राजधानी पणजी सीट से एटानासियो मोंसेरट्टे को टिकट दिया है जबकि उनकी पत्नी जेनिफर को बीजेपी ने तालीगांव सीट से टिकट दिया है। बता दें कि पणजी से एटानासियो ने 2019 के उपचुनाव में जीत हासिल की थी। जबकि उनकी पत्नी जेनिफर तालीगांव सीट से 2017 में कांग्रेस के टिकट पर विधायक बनी थीं। हालांकि पति-पत्नी ने 8 कांग्रेस विधायकों के साथ 2019 में भाजपा की सदस्यता ले ली थी।

उपमुख्यमंत्री बीजेपी के टिकट पर तो पत्नी निर्दलीय मैदान में: बीजेपी ने गोवा के उपमुख्यमंत्री चंद्रकांत कावलेकर को क्यूपम सीट से मैदान में उतारा है जबकि उनकी पत्नी सावित्री ने टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। चंद्रकांत की पत्नी सावित्री संगवेम से निर्दलीय चुनाव लड़ेंगी। बता दें कि दोनों पति-पत्नी ने 2017 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था। चंद्रकांत चुनाव जीत गए थे जबकि पत्नी सावित्री को हार का सामना करना पड़ा था। 2019 में चंद्रकात ने कांग्रेस के 8 विधायकों के साथ बीजेपी की सदस्यता ले ली थी।

कांग्रेस ने भी पति-पत्नी को बनाया उम्मीदवार: कांग्रेस पार्टी ने भी एक दंपती को चुनावी मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने मिशेल लोबो को कालनगुट से टिकट दिया है। जबकि उनकी पत्नी डेलिया को सियोलिम से प्रत्याशी बनाया है। बता दें कि मिशेल गोवा की राजनीति में चर्चित नाम है। हाल ही में उन्होंने बीजेपी को छोड़ा है। बीजेपी ने उनकी पत्नी को टिकट देने से मना किया था जिसके बाद मिशेल ने पत्नी के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया और कांग्रेस ने पति-पत्नी दोनों को टिकट दिया।

टीएमसी ने भी पति – पत्नी पर लगाया दांव: इस बार के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस भी गोवा में पूरे जोर-शोर के साथ चुनावी मैदान में है। टीएमसी ने किरण कांडोलकर को अलडोना से टिकट दिया है जबकि उनकी पत्नी कविता को थिविम से प्रत्याशी घोषित किया है। बता दें कि किरण कांडोलकर गोवा फॉरवर्ड पार्टी में थे और हाल ही में उन्होंने गोवा फॉरवर्ड पार्टी को छोड़कर टीएमसी ज्वाइन की है।

आम आदमी पार्टी भी मैदान में: वहीं गोवा चुनाव में इस बार भी आम आदमी पार्टी मैदान में है। आम आदमी पार्टी ने अपने सीएम कैंडिडेट की भी घोषणा कर दी है। अमित पालेकर गोवा में आम आदमी पार्टी के सीएम कैंडिडेट हैं। पालेकर भंडारी समाज से आते हैं जो गोवा में सबसे अधिक है। 46 वर्षीय पालेकर पेशे से वकील है और राजनीति में नए हैं। पालेकर सांताक्रूज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।