लोकसभा चुनाव 2019 से पहले राफेल डील को सबसे बड़ा मुद्दा बनाने की कोशिश में दिख रहे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर बीजेपी ने बड़ा तंज कसा है। हाल ही में विदेश से इलाज कराकर लौटे वित्त मंत्री अरुण जेटली ने राहुल पर तंज कसते हुए कहा, ‘एक फेल छात्र हमेशा क्लास टॉपर से नफरत करता है।’ जेटली ने कहा कि यदि राफेल डील को लेकर राहुल गांधी के भाषणों का विश्लेषण किया जाए तो एक ही बात निकलकर आती है कि वे प्रधानमंत्री के खिलाफ दुर्भावना से प्रेरित हमले और नफरत वाली भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।
विपक्ष की तरफ से संवैधानिक संस्थाओं को नुकसान पहुंचाने के आरोपों पर जवाब देते हुए जेटली ने कहा, ‘इतिहास में यह दर्ज होगा कि जवाहरलाल नेहरू के प्रपौत्र (ग्रेट ग्रैंड सन) अकेले ही देश की सबसे बड़ी संस्था संसद को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा रहे हैं।’ जेटली ने अपने ट्विटर हैंडल से सिलसिलेवार हमले करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने माओवादियों से हाथ मिलाया। राहुल गांधी जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी में ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हुए। कांग्रेस शहरी नक्सलियों के संरक्षण में सबसे आगे थी।
गायों को लेकर कांग्रेस पर दोहरे रवैया का आरोप लगाते हुए जेटली ने कहा, ‘केरल में वे कैमरे के सामने गाय काटते हैं और मध्य प्रदेश में गो हत्या के आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई करते हैं।’ जेटली ने पश्चिम बंगाल का भी जिक्र किया और कहा, ‘वहां लोकतंत्र वाकई खतरे में है। बीजेपी नेताओं के हेलिकॉप्टर नहीं उतारने दिए जा रहे हैं, जनसभाओं और रथ यात्रा की अनुमति नहीं दी जा रही है। कई मुद्दों पर तो कांग्रेस का खुद का स्टैंड ही विरोधाभासी है।’