Election Results 2019: शुरुआती रुझानों के मुताबिक केंद्र में एक बार फिर प्रचंड बहुमत से नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनती नजर आ रही है। भाजपा नीत एनडीए गठबंधन 349 सीटों पर आगे चल रहा है। खास बात यह है कि भाजपा इस बार भी अपने दम पर सरकार बनाती हुई दिख रही है। शुरुआती रुझानों में पार्टी 300 से ज्यादा सीटों पर आगे चल रही है।

रुझान अगर नतीजों में बदलते हैं यह भाजपा की रिकॉर्ड जीत होगी। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को 282 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। भाजपा की जीत पर विपक्षी नेता भी भाजपा आलाकमान को खूब बधाई दे रहे हैं। एनडीए की प्रचंड जीत पर जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है। उन्होंने गुरुवार (23 मई, 2019) को ट्वीट कर कहा, ‘ऐतिहासिक जनादेश के लिए नरेंद्र मोदी जी को बधाई। निस्संदेह आज भाजपा और उसके सहयोगियों के लिए हैं। कांग्रेस भी अपने लिए कोई अमित शाह लाए।’

Election Results 2019 LIVE Updates: यहां देखें नतीजे

लोकसभा चुनाव में भाजपा के अच्छे प्रदर्शन के लिए नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता उमर अब्दुल्ला ने भी पीएम मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को बधाई दी है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी चुनाव में जीतने वालों को बधाई दी है। वहीं योगगुरु बाबा रामदेव ने भाजपा की जीत पर कहा कि देश की जनता मोदी पर भरोसा करती है, इसलिए चुनाव में उन्हें भारी बहुमत दिया। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली सहित कई राज्य में भाजपा क्लीन स्विप करती दिख रही है।

Lok Sabha Election Results 2019 LIVE: Check Here

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में 50 पर एनडीए गठबंधन आगे है, सपा-बसपा गठबंधन 15 सीटों पर आगे है जबकि दो सीटों पर कांग्रेस को बढ़त मिली है। बिहार की 40 सीटों में 38 एनडीए को बढ़त मिली है जबकि 2 सीटों पर महागठबंधन आगे हैं। पंजाब की 13 सीटों में 10 पर कांग्रेस आगे हैं जबकि 2 सीटों पर एनडीए ने बढ़त बनाई है। यहां से एक सीट पर आप उम्मीदवार आगे हैं। झारखंड में 8 सीटों पर एनडीए को बढ़त है जबकि पांच सीटों पर यूपीए गठबंधन आगे है।