दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए जारी वोटिंग थोड़ी ‘सुस्त’ दिखाई दे रही है। दरअसल आंकड़ों के अनुसार, शाम साढ़े पांच बजे तक सिर्फ 52.95 फीसदी ही वोटिंग हुई है। दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों के लिए मतदान जारी है। नई दिल्ली में सबसे कम वोटिंग दर्ज की गई।
पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने भी मतदान किया। उन्होंने नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के कामराज लेन मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी अपने पति राबर्ट वाड्रा और बेटे रेहान के साथ वोट डाला। रेहान ने पहली बार मताधिकार का प्रयोग किया। वोट डालने के बाद मीडिया से बात करते हुए रेहान ने कहा कि कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में शामिल होकर अच्छा लग रहा है। सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।
रेहान वाड्रा ने कहा कि मुझे लगता है कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में सुधार होना चाहिए और छात्रों को सब्सिडी मिलनी चाहिए।
राजधानी की जनता अपने वोट से आज 672 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेगी। चुनाव के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 40,000 पुलिसकर्मी, सीएपीएफ की 190 कंपनियां और होमगार्ड के 19,000 जवान तैनात किए गए हैं।
चुनाव आयोग करीब साढ़े 6000 से ज्यादा पोलिंग बूथ पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रख रहा है। इन बूथों पर वोटिंग से एक घंटे पहले और वोटिंग के एक घंटे बाद तक वेबकास्टिंग की जाएगी।
दिल्ली में 1.47 करोड़ मतदाता हैं जिनमें से 2,32,815 मतदाता 18 से 19 साल के हैं। इस बार चुनाव में मोबाइल एप्प, क्यूआर कोड, सोशल मीडिया इंटरफेस जैसी तकनीकों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।।
VIDEOS: दिल्ली विधानसभा चुनाव से जुड़े वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें
दिल्ली में मतदान के बाद आए अधिकतर एग्जिट पोल में एक बार फिर आप सरकार बनती हुई नजर आ रही है। इंडिया टुडे- एक्सिस ने अपने पोल में आप को 59-68 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया है वहीं भाजपा को 2-11 से सीटें मिलने की बात कही गई है। पोल में कांग्रेस जीरो और अन्य को 4-6 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। इसी तरह टाइम्स नाऊ-आईपीएसओएस (आप को, 44-50, भाजपा को 20-26), रिपब्लिक-जन की बात (आप को 48-61, भाजपा को 9-21 और कांग्रेस 0-1), एबीपी-सीटर (आप को 49-63, भाजपा को 5-19, कांग्रेस 0-4) टीवी9 भारतवर्ष (आप को 54, भाजपा को 15, कांग्रेस को 1) और न्यूज एक्स के सर्वे में (आप को 53-57, भाजपा को 11-17, कांग्रेस को 2) मिलने का अनुमान व्यक्त किया है।
दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कि आप भारी मतों से जीत रही है। उन्होंने ट्वीट किया 'मतदान सम्पन्न हुआ! सभी कार्यकर्ता साथियों को दिल से बधाई! सबने अलसुबह से देर रात तक, और कुछ ने अंतिम दिनों में 24 घंटे काम किया है. हम सबका रिश्ता कितना निस्वार्थ और मजबूत है यह चुनाव इस बात का प्रमाण है। हम भारी अंतर से जीत रहे हैं. आज सब साथियों की मेहनत को दिल से सलाम।'
चुनाव में तीन अल्पसंख्यक बहुल सीटों मुस्तफाबाद, मटिया महल और सीलमपुर पर सबसे अधिक मतदान हुआ। चुनाव अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों द्वारा दिये गए आंकड़ों के अनुसार उत्तर पूर्वी दिल्ली के मुस्तफाबाद में शाम पांच बजे तक 66.29 प्रतिशत मतदान हो चुका था। पुरानी दिल्ली के मटियामहल इलाके में 65.62 मतदान हुआ। यहां सीएए के खिलाफ प्रदर्शन हुए हैं। उत्तर-पूर्वी दिल्ली की एक और अल्पसंख्यक बहुल सीलमपुर में 64.92 मतदान हुआ है। यहां भी सीएए के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। वहीं पूरी दिल्ली में शाम पांच बजे तक 57.87 प्रतिशत मतदान हो चुका था।
दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा है कि बीजेपी दिल्ली में 48 सीटों पर जीत हासिल करेगी। एग्जिट पोल के नतीजे फेल होंगे।
शाम पांच बजे तक 54 फीसदी मतदान हुआ। चुनाव अधिकारियों ने यह जानकारी दी। खासकर सुबह में मतदान की धीमी शुरुआत के बाद आगे चलकर उसके प्रतिशत में वृद्धि हुई। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा, शाम पांच बजे तक मतदान प्रतिशत 54.14 रहा। ग्यारह जिलों में सबसे अधिक 63.14 फीसद मतदान उत्तर पूर्व जिले में रिकार्ड किया गया जबकि सबसे कम 44.29 फीसदी मतदान नयी दिल्ली में रहा।
दिल्ली के शाहीन बाग में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शन कर महिलाओं ने मतदान केंद्रों पर बारी-बारी से जाकर मतदान किया, ताकि आंदोलन प्रभावित नहीं हो। प्रदर्शन कर रही कुछ महिलाओं ने सुबह मतदान किया, जबकि कुछ ने दोपहर में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। शेष महिलाओं ने शाम में मतदान किया।
सीएम केजरीवाल और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के बीच शनिवार को ट्विटर उस वक्त वार - पलटवार देखने को मिला जब आम आदमी पार्टी के संयोजक ने महिलाओं से मतदान की ‘खास अपील’ की। केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, ‘‘वोट डालने जरूर जाइये। सभी महिलाओं से ख़ास अपील - जैसे आप घर की जिम्मिेदारी उठाती हैं, वैसे ही मुल्क और दिल्ली की जÞम्मिेदारी भी आपके कंधों पर है। आप सभी महिलायें वोट डालने जरूर जायें और अपने घर के पुरुषों को भी ले जायें। पुरुषों से चर्चा जरूर करें कि किसे वोट देना सही रहेगा।’’
उनकी इस टिप्पणी को रिट्वीट करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री ईरानी ने उन पर ‘महिला विरोधी’ होने का आरोप लगाया और सवाल किया, ‘‘आप क्या महिलाओं को इतना सक्षम नहीं समझते कि वे स्वयं निर्धारित कर सकें कि किसे वोट देना है?’’ इस पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘स्मृति जी, दिल्ली की महिलाओं ने किसे वोट देना है, ये तय कर लिया है। और पूरी दिल्ली में इस बार अपने परिवार का वोट महिलाओं ने ही तय किया है। आखिर घर तो उन्हें ही चलाना होता है।’’
AAP नेता अमानतुल्लाह खान ने कहा है कि दिल्ली का चुनाव 'आवाम' बनाम बीजेपी के बीच था। एक तरफ जनता थी तो दूसरी तरफ बीजेपी नेता थे।
केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपना वोट डालने के बाद ट्वीट करके पूछा कि बीजेपी किस प्रकार की राजनीति करना चाहती है। केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘जब से मैंने एक टीवी चैनल पर हनुमान चालीसा पढ़ी है, भाजपा वाले तब से लगातार मेरा मजाक उड़ा रहे हैं। मैं कल हनुमान मंदिर गया था।’’
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘आज भाजपा नेता कह रहे हैं कि मेरे जाने से मंदिर अशुद्ध हो गया। यह कैसी राजनीति है? भगवान तो सभी के हैं। भगवान सभी को आशीर्वाद दें, भाजपा वालों को भी। सबका भला हो।’’ केजरीवाल ने कनॉट प्लेस के निकट प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में अपनी पत्नी के साथ शुक्रवार को पूजा की थी। केजरीवाल ने इस सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि उनके ‘हनुमान चालीसा’ पढ़ने से भाजपा नेताओं को दुख पहुंचा है।
रेडिया जॉकी नावेद ने जामिया नगर में वोट डाला। उन्होंने इस दौरान कहा '5 साल में एक बार ऐसा मौका मिलता है जिसमें आप ये साबित कर सकते हैं कि सरकार आपकी मर्जी से बनी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह सारे काम छोड़कर मतदान करें।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मतदान किया। सोनिया और मनमोहन ने निर्माण भवन स्थित मतदान केंद्र में वोट डाला। मतदान के समय सोनिया के साथ प्रियंका भी मौजूद थीं। सोनिया पिछले दिनों अस्वस्थ हो गई थीं और कुछ दिनों तक सर गंगाराम अस्पताल में उनका उपचार चला था।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी रामलाल ने कहा है कि ‘कागज नहीं दिखाएंगे’ का नारा लगाने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव में पराजित होंगे। यहां निर्माण भवन स्थित मतदान केंद्र में मतदान के बाद उन्होंने यह भी कहा कि लोग मतदान करते समय अपने पहचान पत्र दिखाएं। दरअसल, संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के विरोध में हो रहे प्रदर्शनों में अक्सर ‘कागज नहीं दिखाएंगे’ के नारे लगाए जाते हैं।
दिल्ली चुनावों के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। हिंसा की घटनाओं के मद्देनजर दिल्ली पुलिस द्वारा ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही ऑटोमेटिड फेशियल रिकोगनिशन सिस्टम (AFRS) तकनीक द्वारा पोलिंग बूथ्स पर लोगों के चेहरों की पहचान की जा रही है। इसके साथ ही 60,000 सुरक्षाकर्मियों की निगरानी में दिल्ली चुनाव हो रहे हैं।
ओलंपिक पदक विजेता पहलाव सुशील कुमार ने अपने गांव में पूरे परिवार सहित वोट डाला। इस दौरान उनकी पत्नी भी मौजूद रहीं।
चांदनी चौक से कांग्रेस प्रत्याशी अल्का लाम्बा की शनिवार को एक मतदान केन्द्र के बाहर आप कार्यकर्ताओं के साथ कहासुनी हो गई। इन घटना का एक कथित वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में लाम्बा आप के एक कार्यकर्ता के बहस करती दिख रही हैं। उन्हें व्यक्ति को थप्पड़ मारने का प्रयास करते हुए भी देखा जा सकता है, हालांकि व्यक्ति को थप्पड़ नहीं लगा। लाम्बा ने आरोप लगाया कि उस व्यक्ति ने उनके खिलाफ "बेहद आपत्तिजनक" भाषा का प्रयोग किया।
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने औरंगजेब रोड स्थित पोलिंग बूथ पर वोट डाला। इस दौरान उनकी बेटी प्रतिभा आडवाणी भी साथ मौजूद रहीं।
दिल्ली चुनावों में सुबह 11 बजे तक 6.96 फीसदी मतदान हुआ है। भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वोट डालने के बाद उन्होंने एक बार फिर केजरीवाल पर निशाना साधा और उन्हें नकली भक्त बताया।
दिल्ली के मजनूं का टीला इलाके में आप और कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए हैं। दरअसल कांग्रेस नेता अलका लांबा मौके पर मौजूद थीं और किसी बात पर गुस्सा होकर उन्होंने आप कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने का प्रयास किया। इसके बाद आप और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला।
दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए मतदान जारी है। सुबह 10 बजे तक 5.60 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। कई मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लंबी-लंबी लाइनें दिखाई दे रही हैं। कई गणमान्य लोगों ने इस दौरान अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। जिनमें सोनिया गांधी, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, उपराज्यपाल अनिल बैजल, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल आदि लोग शामिल हैं।
दिल्ली के जामिया इलाके में लोगों में वोटिंग को लेकर गजब का उत्साह नजर आ रहा है। सुबह से ही मतदान केन्द्रों के बाहर लंबी लाइनें लगी हुई हैं और लगातार लोग वोट करने के लिए अपने घरों से निकल रहे हैं।
सुबह 10 बजे तक बुराड़ी में 3.5, चांदनी चौक में 3.10, मोतीनगर में 3.69, हरिनगर में 4.28, रोहतास नगर में 11.20, दिल्ली कैंट में 3.82, आरके पुरम में 4.68, मालवीय नगर में 4.41 प्रतिशत वोटिंग हुई है।
दिल्ली चुनावों में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह और दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने अपने अपने मतदान केन्द्रों पर वोट डाला।
सुबह 10 बजे तक पडपड़गंज में 5.49 प्रतिशत, संगम विहार में 4.95%, जंगपुरा में 10.25 प्रतिशत, त्रिलोकपुरी में 4.83 प्रतिशत वोटिंग हुई।
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपने मताधिकार का प्रयोग करने के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि 'मैं सभी से अपील करता हूं, खासकर महिलाओं से, कि वह आज अपना वोट डालें। मुझे उम्मीद है कि दिल्ली के लोग काम के आधार पर वोट करेंगे। मैं उम्मीद कर रहा हूं कि आम आदमी पार्टी तीसरी बार सत्ता में वापसी करेगी।'
दिल्ली चुनावों में सुबह 9 बजे तक 4.33 फीसदी मतदान हुआ है। अभी मतदान केन्द्रों के बाहर लंबी लाइन नजर आ रही हैं।
दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने अपने परिवार सहित दिल्ली के सिविल लाइन्स पोलिंग बूथ पर अपना वोट डाला।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने कृष्णा नगर इलाके में अपना वोट डाला। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री के साथ उनकी मां ने भी वोट डाला। बता दें कि कृष्णा नगर सीट से भाजपा के टिकट पर डॉक्टर अनिल गोयल, कांग्रेस की तरफ से अशोक वालिया और आप के टिकट पर एसके बग्गा चुनाव मैदान में हैं।
केन्द्रीय विदेश मंत्री एस.जयशंकर ने तुगलक क्रीसेंट के एनडीएमसी स्कूल में बने पोलिंग बूथ पर अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि 'यह देश के हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह वोट करे। घरों से बाहर निकले और योगदान करें।'
भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने दिल्ली की मटियाला सीट पर अपना वोट डाला। मटियाला सीट से भाजपा की तरफ से राजेश गहलोत और कांग्रेस की तरफ से सुमेश शौकीन चुनाव मैदान में हैं। वहीं आप की तरफ से गुलाब सिंह यादव चुनाव लड़ रहे हैं।
दिल्ली का शाहीन बाग इलाका धरने प्रदर्शन के चलते इन दिनों खूब चर्चाओं में बना हुआ है। आज मतदान के दिन भी शाहीन बाग इलाके पर लोगों की नजर बनी हुई है। अभी शाहीन बाग इलाके में वोटिंग की तस्वीर सामने आयी है। जिसमें शाहीन पब्लिक स्कूल के पोलिंग बूथ में मतदाताओं की लंबी कतार नजर आ रही है।
दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया है। वोटिंग सुबह 8 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक चलेगी। वोटिंग खत्म होने के बाद शाम 7 बजे विभिन्न एग्जिट पोल्स का ऐलान किया जाएगा। दिल्ली चुनाव के एग्जिट पोल्स की हर जानकारी के लिए जनसत्ता के साथ जुड़े रहें।
भाजपा के वरिष्ठ नेता राम माधव करोल बाग के झंडेवालान पोलिंग बूथ पर पहुंचे हैं। आम आदमी पार्टी की तरफ से यहां मौजूदा विधायक विशेष रवि, भाजपा के योगेन्द्र चंदौलिया और कांग्रेस की तरफ से गौरव धनक के बीच इस सीट पर कड़ा मुकाबला है।
दिल्ली के मतदाताओं में विधानसभा चुनाव के लिए उत्साह भरपूर है। यही वजह है कि वोटिंग सुबह 8 बजे से शुरू होगी, लेकिन पोलिंग बूथ्स पर मतदाताओं की भीड़ अभी से जुटनी शुरू हो गई है। दिल्ली के झंडेवालान इलाके में मतदाता पोलिंग बूथ पर पहुंचकर वोटिंग शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
नई दिल्ली सीट के निर्माण भवन पोलिंग बूथ पर वोटिंग की तैयारियों में जुटे अधिकारी। बता दें कि नई दिल्ली सीट से सीएम अरविंद केजरीवाल चुनाव मैदान में हैं। वहीं भाजपा की तरफ से सुनील यादव और कांग्रेस की तरफ से रोमेश सभरवाल चुनाव मैदान में हैं।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 में कड़े मुकाबले की उम्मीद की जा रही है। हालांकि कुछ सीटें ऐसी हैं, जिन पर किन्हीं कारणों से लोगों की खास नजर बनी हुई है। उन सीटों में बदरपुर, चांदनी चौक, कालकाजी, शकूर बस्ती, सीमापुरी, नजफगढ़, मॉडल टाउन, सीमापुरी और द्वारका सीटों पर कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।
दिल्ली में भौगोलिक नजरिए से सबसे बड़ा विधानसभा क्षेत्र नरेला है जबकि सबसे छोटा बल्लीमारान विधानसभा क्षेत्र है, जबकि मतदाताओं की संख्या के आधार पर सहसे छोटा विधानसभा क्षेत्र चांदनी चौक है। जहां करीब सवा लाख वोटर हैं। मतदाताओं की संख्या के आधार पर सहसे बड़ा विधानसभा क्षेत्र मटियाला है।
सत्तर विधानसभा वाली दिल्ली में छह पार्टियां ही मान्यता प्राप्त हैं। यहां के चुनावी दंगल में 672 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिनमें 593 पुरुष और 79 महिला उम्मीदवार मैदान में हैं। नई दिल्ली से सबसे ज्यादा 28 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, जबकि पटेलनगर विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 4 उम्मीदवार मैदान में हैं। राजनीतिक दलों के हिसाब से देखे तो ‘आप’ सभी 70 सीटों पर, बसपा 68 सीटों पर, भाजपा 66 सीटों पर, कांग्रेस 66 सीटों पर, एनसीपी 5 सीटों पर, माकपा और भाकपा तीन-तीन सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं। इसके अलावा निर्दलीय 148 और दूसरे अन्य दलों से 243 उम्मीदवार मैदान में हैं।