उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर के लिए फरवरी-मार्च में विधान सभा चुनाव के लिए हुए मतदान के एग्जिट पोल के नतीजे गुरुवार (नौ मार्च) को आ गए हैं। विभिन्न सर्वे एजेंसियों और टीवी चैनल के एग्जिट पोल के अनुसार उत्तर प्रदेश, गोवा और उत्तराखंड भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर सकती है। पंजाब में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में कड़ी टक्कर दिख रही है। वहीं मणिपुर में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिल सकता है।
देश के सबसे बड़े सूबे में उत्तर प्रदेश में पाँच एग्जिट पोल एजेंसियों ने अनुमान जताया है कि भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरेगी।सत्ताधारी सपा को चुनाव से पहले कांग्रेस से गठबंधन करने का कोई फायदा शायद नहीं हुआ। वहीं बसपा को ज्यादातर एग्जिट पोल में पिछली विधान चुनाव की 80 के आसपास या उससे भी कम सीटें मिलने का अनुमान जता रहे हैं। आइए हम आपको बताते हैं कि विभिन्न राज्यों में अलग-अलग एग्जिट पोल सर्वे क्या कह रहे हैं।
उत्तर प्रदेश (कुल 403 सीटें)
अगर एग्जिट पोल के नतीजे सही हुए तो यूपी में देखने की बात बस ये होगी कि क्या भाजपा बहुमत से कितनी दूर रहती है। यूपी के सीएम अखिलेश यादव एग्जिट पोल के नतीजे आने के बाद संकेत दो चुके हैं कि वो भाजपा को सत्ता से बाहर रखने के लिए बसपा से हाथ मिला सकते हैं। बहरहाल सभी को चुनावी नतीजों का इंतजार रहेगा।
चाणक्य-न्यूज 24- सपा-कांग्रेस (88-+/-15), भाजपा (285- +/-18), बसपा (27) (+/-12) अन्य (3+/-2)
एक्सिस-इंडिया टुडे- सपा-कांग्रेस (88-112), भाजपा (251-279), बसपा (28-42), अन्य (4-11)
सीवोटर-इंडिया टीवी- सपा-कांग्रेस (135-147), भाजपा (155-167), बसपा (81-93), अन्य (8-20)
एमआरसी-इंडिया न्यूज- सपा-कांग्रेस (120) भाजपा (185), बसपा (90) अन्य (8)
वीएमआर-टाइम्स नाउ- सपा-कांग्रेस (110-130) भाजपा (190-210), बसपा (57-74) अन्य (8)
सीएसडीएस-एबीपी न्यूज- सपा-कांग्रेस (156-169) भाजपा (164-176) बसपा (60-72) अन्य (2-6)
उत्तराखंड- (71 सीटें)-
चुनाव से पहे उत्तराखंड में कांग्रेस सरकार गिरते गिरते बची थी। कांग्रेस के मुख्यमंत्री हरीश रावत से असंतुष्ट करीब एक दर्जन पार्टी नेताओं ने पार्टी का दामन छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था जिनमें पूर्व सीएम विजय बहुगुणा और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत भी थे। ऐसा नहीं है कि भाजपा अंदरूनी कलह से अछूती रही थी। चुनाव से ठीक पहले कई भाजपा नेताओं ने बगावत का झंडा बुलंद कर दिया था। लेकिन एग्जिट पोल के नतीजों को मानें तो भाजपा इस खेल में विजेता बनकर उभरती दिख रही है। पार्टी कांग्रेस से ये पहाड़ी राज्य छीन सकती है। ज्यादातर एग्जिट पोल में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलने की बात कही गयी है।
एक्सिस-इंडिया टुडे- कांग्रेस (12-21) भाजपा (46-53) बसपा (1-2) अन्य (0)
चाणक्य-न्यूज 24- कांग्रेस (15+) भाजपा (53) अन्य (0)
सीएसडीएस-एबीपी न्यूज- कांग्रेस (23-39), भाजपा (34-42), अन्य (0)
मणिपुर (60 सीटें)-
मणिपुर में कांग्रेस की पिछले 15 साल से सरकार है। 2017 के विधान सभा चुनाव में कांग्रेस मुख्यमंत्री ओकरम इबोबी सिंह को उनके ही पुराने साथी एन बीरेन भाजपा के झंडे तले टक्कर दे रहे थे। एग्जिट पोल के नतीजों पर यकीन करें तो भाजपा पहली बार राज्य में सरकार बना सकती है।
एक्सिस-इंडिया टुडे- कांग्रेस (30-36) भाजपा (16-22 ) अन्य (6-11)
सीवोटर-इंडिया टीवी- कांग्रेस (17-23), भाजपा (25-31), अन्य (9-15)
चाणक्य-न्यूज 24- कांग्रेस (21), भाजपा (28), अन्य (11)
पंजाब (117)-
पंजाब चुनाव से जुड़े ज्यादातर एग्जिट पोल सत्ताधारी शिरोमणी अकाली दल और भाजपा के गठबंधन वाली सरकार के लिए बुरी खबर लेकर आए हैं। ज्यादातर एजेंसियों के एग्जिट पोल के अनुसार अकाली-भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा। राज्य में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच कड़ी टक्कर दिख रही है। पंजाब में सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को 59 सीटों पर जीत हासिल करनी होगी लेकिन फिलहाल कोई भी एग्जिट पोल किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं दे रहा है।
एक्सिस-इंडिया टुडे- अकाली-भाजपा (4-7) कांग्रेस (62-71) आम आदमी पार्टी (42-51) अन्य (0-2)
चाणक्य-न्यूज 24- अकाली-भाजपा (9-15) कांग्रेस (54+) आम आदमी पार्टी (54+) अन्य (0)
सीवोटर-इंडिया टीवी- अकाली-भाजपा (5-13) कांग्रेस (41-49) आम आदमी पार्टी (59-67) अन्य (3)
गोवा (40 सीटें)-
एग्जिट पोल के अनुसार गोवा में भारतीय जनता पार्टी अपनी सरकार बचाती दिख रही है। राज्य की 40 सीटों में से बहुमत के लिए 21 सीटों की जरूरत होगी। एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनी रहेगी। इंडिया टीवी के सर्वे में उसे बहुमत से थोड़ा दूर दिखाया गया है लेकिन भाजपा की पुरानी साझीदार शिव सेना और उसके साझीदार महाराष्ट्र गोमांतक पार्टी को तीन से छह सीटें मिलती दिख रही हैं। ऐसे में भाजपा के लिए बहुमत जुटाना मुश्किल नहीं होगा।
सीवोटर-इंडिया टीवी- कांग्रेस (10), भाजपा (15), आम आदमी पार्टी (7), अन्य (8)
एक्सिस-इंडिया टुडे- कांग्रेस (9-13), भाजपा (18-22), आम आदमी पार्टी (0-2), शिव सेना- महाराष्ट्र गोमांतक पार्टी (3-6), अन्य (4-9)