चुनावों में कुछ न कुछ ऐसी घटनाएं हो जाती हैं जो चर्चा का विषय बन जाती हैं। दरअसल, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता और एटा के वर्तमान सांसद राजवीर सिंह कौशांबी में भाषण दे रहे थे, लेकिन उन्हें लिए बगैर ही उनका हेलिकॉप्टर उड़ गया। राजवीर सिंह मंच से सिर्फ10 मिनट- सिर्फ 10 मिनट कहते रह गए और उन्हें छोड़कर हेलिकॉप्टर रवाना हो गया।

उत्तर प्रदेश के कौशांबी में राजवीर सिंह बीजेपी प्रत्याशी विनोद सोनकर के लिए एक रैली को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान वह मोदी सरकार की नीतियो का जमकर बखान कर रहे थे। लेकिन, उन्हें इस बात का ख्याल ही नहीं रहा कि उन्हें वक्त पर हेलिकॉप्टर भी पकड़ना है। सांसद महोदय को मंच पर हेलिकॉप्टर के उड़ान भरने की सूचना भी दी गई। लेकिन वह लगातार 10 मिनट- 10 मिनट की रट लगाए हुए थे। राजवीर सिंह को मंच से उतरना मंजूर नहीं था और हेलिकॉप्टर के पायलट को विलंब। लिहाजा पायलट ने उन्हें मंच पर ही छोड़कर लखनऊ के लिए रवाना हो गया।

बाद में राजवीर सिंह को सड़क मार्ग के जरिए लखनऊ जाना पड़ा। इस घटना से वह बेहद खफा भी नज़र आए। गौरतलब है कि राजवीर सिंह उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह के बेटे हैं।