Chandigarh Lok Sabha Election Results 2019: भाजपा ने हरियाणा में 10 लोकसभा सीटों में से नौ पर अच्छी-खासी बढ़त बना रखी है। शुरुआती रुझानों के मुताबिक कांग्रेस के मौजूदा सांसद दीपेंदर सिंह हुड्डा रोहतक में भगवा पार्टी के उम्मीदवार को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। रोहतक को छोड़कर सभी सीटों पर भाजपा ने आसान बढ़त बना रखी है। रोहतक में हुड्डा भाजपा के अरविंद शर्मा से 13,000 से अधिक मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं। निर्वाचन आयोग से मिले शुरुआती रुझान के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी के आगे चल रहे उम्मीदवारों के मतों का अंतर 60,000 से दो लाख से बीच है। दीपेंदर सिंह हुड्डा के अलावा हरियाणा के मशहूर राजनीतिक परिवार हुड्डा, चौटाला, भजन लाल और बंसीलाल हार की ओर बढ़ रहे हैं।
हरियाणा में 2014 में आठ सीटों पर लड़े चुनाव में से सात पर भाजपा ने जीत दर्ज की और बाद में उसी साल हुए विधानसभा चुनावों में उसने पहली बार राज्य में अपने दम पर सरकार बनाई। करीब चार घंटे की मतगणना के बाद उपलब्ध रुझानों के अनुसार, केंद्रीय मंत्री राव इंदरजीत सिंह और कृष्ण पाल गुर्जर क्रमश: गुड़गांव और फरीदाबाद सीटों पर अपने-अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी क्रमश: अजय सिंह यादव और अवतार सिंह भडाना से आगे चल रहे हैं। इंदरजीत सिंह और गुर्जर दोनों मौजूदा सांसद हैं।
Loksabha Election 2019 Results live updates: See constituency wise winners list
अन्य पांच मौजूदा सांसद भी कांग्रेस के अपने प्रतिद्वंद्वियों से आगे चल रहे हैं। भाजपा ने करनाल से अपने मौजूदा सांसद अश्विनी कुमार चोपड़ा को हटाकर स्थानीय नेता संजय भाटिया को उतारा जबकि कुरुक्षेत्र से मौजूदा सांसद आर के सैनी के बागी होने के बाद हरियाणा के मंत्री नायब सिंह सैनी को खड़ा किया। भाटिया ने करनाल लोकसभा सीट पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और कांग्रेस नेता कुलदीप शर्मा के खिलाफ दो लाख 77 हजार से अधिक मतों की अच्छी-खासी बढ़त बना ली है।
कांग्रेस के कई दिग्गज नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा (सोनीपत), कुमारी सैलजा (अंबाला), प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अशोक तंवर (सिरसा), अवतार सिंह भडाना (फरीदाबाद) और अजय सिंह यादव (गुड़गांव) पीछे चल रहे हैं। दीपेंदर हुड्डा के पिता एवं रोहतक जिले के मौजूदा विधायक भूपिंदर सिंह हुड्डा मौजूदा सांसद रमेश चंदर कौशिक से करीब 60 हजार वोटों से पीछे चल रहे हैं। हुड्डा ने 14 साल बाद लोकसभा चुनाव लड़ा है। हिसार से मौजूदा सांसद दुष्यंत चौटाला भी पीछे चल रहे हैं। उन्होंने पारिवारिक विवाद के कारण आईएनएलडी से अलग होकर जननायक जनता पार्टी बनाई थी।
दुष्यंत के भाई दिग्विजय चौटाला एवं जजपा उम्मीदवार सोनीपत से पीछे चल रहे हैं जबकि वरिष्ठ इनेलोद नेता अभय सिंह चौटाला के बेटे अर्जुन चौटाला कुरुक्षेत्र सीट से पीछे चल रहे हैं। विपक्षी इनेलोद सभी 10 सीटों पर कोई प्रभाव नहीं छोड़ पाई। जजपा की सहयोगी आम आदमी पार्टी भी कोई खास प्रदर्शन नहीं कर पाई। उसने तीन सीटों पर उम्मीदवार उतारे। बसपा और लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी ने भी सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे और वे भी पीछे चल रहे हैं।