बिहार चुनाव के एग्जिट पोल के नतीजों से राजद और महागठबंधन के नेता बेहद उत्साहित हैं। उत्साह का आलम ये है कि बाहुबली नेता अनंत सिंह के आवास पर तो चुनाव नतीजों से पहले समर्थकों के लिए महाभोज की तैयारियां चल रही हैं। बता दें कि अनंत सिंह इन दिनों जेल में बंद हैं, इसके बावजूद उनके पटना स्थित आवास पर जोरदार जश्न की तैयारी शुरू हो गई है।
अनंत सिंह के आवास के पास ही एक बड़ा सा शामियाना लगाया गया है। जहां करीब 10 हजार लोगों के खाने-पीने का इंतजाम किया जा रहा है। जैसे ही वोटों की गिनती शुरू होगी और अनंत सिंह की जीत सुनिश्चित होगी, वैसे ही कार्यकर्ताओं का हुजूम अनंत सिंह के आवास पर पहुंचेगा और वहां महाभोज का आनंद लेगा। अनंत सिंह ने इस बार राजद के टिकट पर मोकामा विधानसभा सीट से पांचवी बार चुनाव लड़ा है।
अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने भी मोकामा सीट से ही निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा है। नीलम देवी का कहना है कि हमारी जीत तय है और हम रिकॉर्ड मत से जीत रहे हैं। मोकामा सीट पर अनंत सिंह का मुकाबला जदयू के राजीव लोचन नारायण से है।
उल्लेखनीय है कि अनंत सिंह अपने इलाके में छोटे सरकार के नाम से जाने जाते हैं। वह चार बार मोकामा से विधायक रहे हैं और कभी नीतीश कुमार के काफी करीबी माने जाने वाले अनंत सिंह ने 2005 और 2010 में जदयू के टिकट पर ही मोकामा से जीत हासिल की थी। 2015 में अनंत सिंह निर्दलीय चुनाव लड़े और जीते और इस बार वह राजद के टिकट पर चुनाव लड़े हैं।
वहीं राजद ने अपने समर्थकों को हिदायत दी है कि कार्यकर्ता पूरी तरह से अनुशासन बनाए रखें। पार्टी ने कहा कि नतीजे कुछ भी हो सकते हैं। दोनों हालात में पूरे संयम, सादगी और शिष्टाचार से नतीजों को स्वीकारना है। अनुचित आतिशबाजी, हर्ष फायरिंग नहीं करनी है। पार्टी ने कहा है कि इस तरह का व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिहार चुनाव के नतीजे 10 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। मतगणना की तैयारी पूरी हो चुकी है।