बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान खत्म हो चुका है। 71 सीटों पर शाम सात बजे तक 54.1 फीसदी वोटिंग हुई। शाम छह बजे तक 53.54 फीसदी मतदान हुआ। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि शाम पांच बजे तक 52.24 फीसदी मतदान हुआ। उन्होंने बताया कि साल 2015 में इस समय तक पहले चरण में 54.94 फीसदी लोगों ने मतदान किया था। लोकसभा चुनाव में ये 53.54 फीसदी रहा। उन्होंने बताया कि तीन विधानसभा क्षेत्रों में दोपहर तीन बजे तक मतदान हुआ। पांच विधानसभा क्षेत्रों में शाम पांच बजे तक मतदान हुआ। बाकी सभी क्षेत्रों में मतदान शाम 6 बजे तक हुआ।
सीटवार बात करें तो छह बजे तक शेखपुरा में 55.96%, पटना में 52.51%, भोजपुर में 48.29%, बक्सर में 54.07%, कैमूर में 56.20%, रोहतास में 49.59%, अरवल में 53.85%, जहानाबाद में 53.93%, औरंगाबाद में 52.85%, गया में 57.05%, नवादा में 52.34% और जमुई-57.41% मतदान हुआ। इसके अलावा भागलपुर में 54.20%, बांका में 59.57%, मुंगेर में 47.36% और लखीसराय में 55.44% मतदान हुआ।।
बिहार के पहले चरण के चुनाव में सभी दलों के नेताओं ने सभी 71 सीटों पर अपने पक्ष में मतदान होने की उम्मीद जताई। पहले चरण में 54 फीसदी मतदान हुए हैं। अभी दो चरणों का मतदान होना बाकी है।
पप्पू यादव ने मुंगेर में मूर्ति विसर्जन के दौरान गोली लगने से हुई मौत का मुद्दाा उठाया। उन्होंने कहा कि मुंगेर की एसपी को बर्खास्त कर देना चाहिए। नीतीश का चेहरा यही है, 15 साल में बिहार में अफसरशाही बढ़ गई है और हमारी सरकार बनते ही अफसरशाही समाप्त हो जाएगी।
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि कुछ दिन पहले तक 15 साल बनाम 15 साल चल रहा था। सभी परेशान थे कि क्या होगा। लोग निराश थे कि अभी 15 साल तक जिनका शासन रहा उन्होंने भी कुछ नहीं किया। सरकारी स्कूलों में पढ़ाई नहीं, अस्पतालों में दवा नहीं, नौजवानों और मजदूरों के लिए काम नहीं। आखिर हो क्या रहा है।
बाहुबली अनंत सिंह इस बार आरजेडी की टिकट पर मोकामा से चुनाव लड़ रहे हैं। इससे पहले वे तीन बार जद यू की टिकट पर विधायक बन चुके हैं लेकिन इस बार उन्होंने आरजेडी का दामन थाम लिया है। बिहार चुनावों की बात करें तो मोकामा सबसे हॉट सीटों में से एक है और इसका कारण है इस सीट पर बाहुबलियों का कब्ज़ा।
आज बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान में COVID19 दिशानिर्देशों के उल्लंघन के लिए 93 मामले दर्ज़ किए गए हैं : ADG जितेंद्र कुमार, बिहार
सुबह नौ बजे तक - 6.74 फीसदी
सुबह 11 बजे तक - 18.48 फीसदी
दोपहर एक बजे तक - 33.10 फीसदी
दोपहर तीन बजे तक - 46.29 फीसदी
शाम पांच बजे तक - 52.24 फीसदी
शाम छह बजे तक-53.54 फीसदी
शाम सात बजे तक-54.01
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को कोरोना वायरस महामारी की पुष्टि हुई है। उन्होंने बुधवार शाम ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। केंद्रीय कपड़ा मंत्री ने कहा कि यह घोषणा करते समय शब्दों की खोज करना मेरे लिए दुर्लभ है इसलिए यहां मुझे इसे सरल रखना है। उन्होंने कहा, 'मुझे कोविड-19 की पुष्टि हुई है। संपर्क में आए लोगों से हाथ जोड़कर गुजारिश करुंगी कि वो जल्द से अपना टेस्ट करवाएंगे।' क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए पार्टियों का प्रचार अभियान जारी है। चुनाव प्रचार के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने बुधवार को ट्वीट कर कथित तौर पर मोदी को झूठ बोलने वाला नेता बताया और खुद को सरकार चलाने लायक बताया। राहुल ने कहा कि हम सरकार चलाना जानते हैं, आपके मन की बात जानते हैं। हां...हम झूठ बोलना नहीं जानते, ना कभी ऐसा सीखेंगे। कांग्रेस नेता ने अपनी चुनावा सभा की कुछ तस्वीरें शेयर करता हुए आगे लिखा कि बदलाव की राह पर बिहार की जनता के जबरदस्त जोश को सलाम। वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने आज चंपारण में एक रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी पर खूब निशाना साधा।
बिहार विधानसभा चुनाव में पहले चरण के तहत हो रहे मतदान में शाम पांच बजे तक 51.68 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। पहले चरण की 71 सीटों पर 2.14 करोड़ से अधिक मतदाता 1066 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। मतों की गणना दस नवंबर को होगी।
पहले चरण में कुल 1066 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमाने उतरे हैं। नीतीश सरकार के आठ मंत्रियों की किस्मत का फैसला इसी चरण के चुनाव में होना है। पहले चरण का सबसे बड़ा मुकाबला इमामगंज सीट पर है, जहां पूर्व मुख्यमंत्री और इस बार एनडीए के साथ चुनाव लड़ रहे जीतनराम मांझी पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और राजद के नेता उदयनारायण चौधरी के खिलाफ मैदान में हैं। वहीं मोकामा सीट से राजद के लिए अनंत सिंह, जमुई से भाजपा के लिए इंटरनेशनल शूटर श्रेयसी सिंह और गया शहर से भाजपा के लिए प्रेम कुमार की किस्मत का फैसला भी इसी चरण में होगा।
बिहार चुनाव में पहले चरण की वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू हो गई। दोपहर 1 बजे तक राज्य में 33.11 फीसदी वोटिंग हो चुकी है। कई पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लंबी लाइनें देखी गईं। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दूसरे चरण के लिए रैली की। इसमें उन्होंने राज्य की नीतीश सरकार के साथ केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर भी हमला बोला। राहुल ने कहा कि अब प्रधानमंत्री अपने भाषण में नहीं कहते कि वे दो करोड़ नौकरी युवाओं को देंगे। वे जानते हैं कि वे झूठ बोल रहे हैं और लोग भी यह बात जानते हैं। मैं गारंटी लेता हूं अगर पीएम यहां आकर यह बात कहेंगे, तो भीड़ उन्हें यहां से निकाल देगी। राहुल ने कहा कि हमारे अंदर सिर्फ एक ही कमी है। हमें झूठ बोलना नहीं आता। हम पीएम से झूठ बोलने में प्रतियोगिता नहीं कर सकते।
विपक्षी महागठबंधन को विकास विरोधी बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (28 अक्टूबर, 2020) को विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व की सरकारों का मंत्र ‘पैसा हजम, परियोजना खत्म’ था और उन्हें ‘कमीशन’ शब्द से इतना प्रेम था कि उन्होंने कभी ‘कनेक्टिविटी’ पर ध्यान ही नहीं दिया और ऐसे लोग बिहार के हित के बारे में नहीं सोच सकते। क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पटना में चुनाव प्रचार के दौरान बिहार में राजद के शासन का मुद्दा उठाया और कहा कि मतदाताओं का एक वोट बिहार को बीमार होने से बचा सकता है। इतना ही नहीं पीएम ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘जंगलराज के युवराज’ से बिहार की जनता पुराने ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर और क्या अपेक्षा कर सकती है? जंगलराज की परंपरा में सब सीखने वाले लोगों को मुझसे ज्यादा अच्छी तरह बिहार की जनता जानती है।
पीएम मोदी ने पटना रैली में राजद और कांग्रेस पर निशाना साधा। पीएम ने परिवारवाद का मुद्दा उठाते हुए कहा, "जिन लोगों ने सिर्फ अपने परिवार के बारे में सोचा, बिहार के एक-एक व्यक्ति के साथ अन्याय किया, दलितों-पिछड़ों-वंचितों का हक भी हड़प लिया, क्या वो लोग बिहार की उम्मीदों को समझ भी पाएंगे? बिहार के गरीब की आकांक्षा, बिहार के मध्यम वर्ग की ये आकांक्षा कौन पूरी कर सकता है? वो लोग जिन्होंने बिहार को बीमार बनाया, बिहार को लूटा, क्या वो ये काम कर सकते हैं। बीते डेढ दशक में बिहार ने नीतीश जी की अगवाई में कुशासन से सुशासन की तरफ कदम मजबूती से बढ़ाए हैं। पीएम ने कहा कि NDA सरकार के प्रयासों के कारण बिहार ने, असुविधा से सुविधा की ओर, अंधेरे से उजाले की ओर, अविश्वास से विश्वास की ओर, अपहरण उद्योग से अवसरों की ओर का एक लंबा सफर तय किया है।"
राजद की ओर से भोजपुर की बड़हरा सीट से विधायक और उम्मीदवार सरोज यादव ने अपने ऊपर आरा के बूथ संख्या 115 पर हमला होने का दावा किया। उनका कहना है कि उन्होंने किसी तरह भागकर उन्होंने जान बचाई। हालांकि, प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है। बताया जा रहा है कि सरोज का पहले लोगों ने विरोध किया। इसके बाद भीड़ से कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया।
कृषि मंत्री और भाजपा नेता प्रेम कुमार पर आचार सहिंता के उल्लंघन का केस दर्ज होगा। चुनाव आयोग ने गया डीएम को केस दर्ज करने का निर्देश दिया है। प्रेम कुमार पार्टी चिह्न (कमल) का मास्क लगाकर साइकिल से वोटिंग करने पहुंचे थे। उनके साथ समर्थकों का हुजूम भी साथ ही था। ऐसे में प्रेम कुमार ने कोरोना गाइडलाइंस का भी उल्लंघन किया।
बिहार चुनाव में इस बार पहले चरण में ही काफी दिलचस्प मुकाबले हो रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और हम नेता जीतनराम मांझी इस चुनाव में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और राजद नेता उदयनारायण चौधरी के खिलाफ मैदान में हैं। मांझी खुद गया सीट पर मतदान करने पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि एनडीए पहले चरण की 71 सीटों में से आराम से 50 सीटें हासिल करेगा।
बिहार में प्रथम चरण के मतदान के लिए बुधवार को लोगों का हुजूम निकला। इस दौरान बड़ी संख्या में बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता भी वोट डाले पहुंचे। नवादा में तो आईटीबीपी के जवानों ने अक्षम मतदाताओं को बूथ तक पहुंचाया। बता दें कि बिहार में 1 बजे तक 33.11 फीसदी मतदान हो चुका है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुजफ्फरपुर में रैली के दौरान राजद नेतृत्व पर जमकर निशाना साधा। पीएम ने कहा कि अगर वे (विपक्ष) सत्ता में आ गए तो कोरोनावायरस फंड्स के साथ क्या होगा। बिहार के लोग जंगलराज के राजकुमार के पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए उनसे क्या उम्मीद कर सकते हैं। आप उन्हें मुझसे भी बेहतर ढंग से जानते हैं।
पटना जिले के पालीगंज और नवादा के हसनगंज में लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया है। ये लोग अपने इलाके की सड़क की समस्या को लेकर नाराज थे। वहीं, नवादा जिले के हसनगंज के बूथ-255 और 256 पर ग्रामीणों ने वोटिंग का बहिष्कार किया। यहां 2 घंटे तक एक भी वोट नहीं पड़ा।
गया शहरी विधानसभा क्षेत्र के स्वराजपुरी रोड स्थित बूथ पर महिलाओं ने हंगामा किया। उनका आरोप था कि भाजपा को वोट देने के लिए कुछ लोग दबाव बना रहे थे। इसके बाद महिलाएं लोग वहां मौजूद मतदानकर्मियों से उलझ पड़ीं। गया शहरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा नेता और राज्य के कृषि मंत्री डॉ. प्रेम कुमार प्रत्याशी हैं। कांग्रेस से अखौरी ओंकार नाथ यहां मैदान में हैं।
दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के लिए पीएम मोदी ने बुधवार को दरभंगा में रैली की। यहां उन्होंने महागठबंधन और विपक्ष के नेताओं पर जमकर निशाना साधा। मोदी ने कहा, "पहले के समय, जो लोग सरकार में थे, उनका मंत्र रहा है- पैसा हज़म, परियोजना खत्म। उन्हें कमीशन शब्द से इतना प्रेम था कि कनेक्टिविटी पर कभी ध्यान ही नहीं दिया। मिथिलांचल को जोड़ने वाले कोसी महासेतु के साथ क्या-क्या हुआ, ये तो आप भलीभांति जानते हैं।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को बिहार के दरभंगा में दूसरे चरण के मतदान के मद्देनजर चुनावी रैली की। इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उनके साथ शामिल हुए। मोदी ने कहा कि बिहार के लोगों ने उन लोगों को हराने का संकल्प ले लिया है, जिन्होंने बिहार में जंगलराज स्थापित किया और राज्य को लूटा। यह वह लोग हैं, जिनकी सरकार में राज्य में अपराध फैला था।
बिहार चुनाव में जहां लोग बढ़चढ़ कर मतदान प्रक्रिया का हिस्सा बन रहे हैं। वहीं लखीसरा में एक गांव ऐसा भी है, जहां मतदान का बहिष्कार किया गया है। यहां के बलगुदर गांव से एक भी व्यक्ति वोट करने नहीं आया, जिसके चलते बूथ नंबर 115 बिल्कुल खाली पड़ा रहा। बूथ के अफसर मोहम्मद इकरामुल हक ने बताया कि गांववाले खेल के मैदान पर म्यूजियम बनाए जाने से नाराज हैं और इसीलिए वोटिंग करने नहीं आ रहे।
लोजपा प्रमुख चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए भाजपा के लिए चेतावनी जारी की है। चिराग ने ट्वीट में कहा, "आदरणीय नीतीश कुमार जी को दिया गया एक भी वोट ना सिर्फ बिहार को कमजोर और बर्बाद करेगा, बल्कि राजद और महागठबंधन को मजबूत करेगा। चुनाव के परिणामों के बाद भाजपा को छोड़ राजद के साथ जाने की तैयारी कर चुके हैं साहब। राजद के आशीर्वाद से पहले भी सरकार बना चुके है।"
कांग्रेस की ओर से बिहार के प्रभारी बनाए गए शक्तिसिंह गोहिल ने एनडीए गठबंधन में हुई टूट पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक हाथ में 'चिराग' रखना चाहती है, ताकि इससे अपना घर रोशन रखें और नीतीश जी का घर जला सकें। वो 'चिराग' को भी बुझाना चाहते हैं। इसलिए भाजपा पहले चिराग का इस्तेमाल करना चाहती है और फिर बाद में उससे भी छुट्टी पा लेगी।
बिहार के मंत्री प्रेम कुमार बुधवार को मतदान के लिए अपने घर से साइकिल में निकले। हालांकि, उनके साथ समर्थकों का हुजूम शामिल रहा। खास बात यह है कि गया में जब वे अपने पोलिंग बूथ पर वोट देने पहुंचे, तो उनके मास्क पर भाजपा का चुनाव चिह्न बना था। चुनाव आयोग की गाइडलाइंस के मुताबिक, सभी मतदाताओं का पोलिंग बूथ पर मास्क पहनना जरूरी है, लेकिन इसमें प्रचार सामग्री लेकर पहुंचना प्रतिबंधित है।
पहले फेज के दौरान 71 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। इस दौरान करीब 50 बूथों पर EVM मशीन काम नहीं कर रही है। जिससे मतदाताओं को परेशानी हो रही है। दिनारा के बूथ नंबर 14 पर सुबह के नौ बजे तक मतदान शुरू नहीं हो सका। मुंगेर विधानसभा के बूथ 165 और 231 पर EVM में खराबी। ईवीएम में राजद प्रत्याशी का चुनाव चिन्ह तो है, लेकिन बटन नहीं।
चुनाव आयोग ने बताया है कि सुबह 9 बजे तक राज्य में वोटर टर्नआउट 6.74 फीसदी रहा है। लोगों के घरों से निकलने के बाद इसके और बढ़ने की संभावना है। बता दें कि राज्य के कुल 7.29 करोड़ वोटर्स में 2.14 करोड़ इसी चरण में अपने वोट का इस्तेमाल करेंगे।
बिहार के मंत्री प्रेम कुमार बुधवार को मतदान के लिए अपने घर से साइकिल में निकले। हालांकि, उनके साथ समर्थकों का हुजूम शामिल रहा। इस दौरान न तो किसी ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया और न ही फोटो खिंचाने के दौरान मंत्री जी ने ही किसी से दूर हटने की अपील की। बता दें कि चुनाव आयोग ने मतदाताओं को सख्ती से कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए कहा है।
बिहार चुनाव के पहले चरण के मतदान में 71 सीटों पर 1066 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें 328 उम्मीदवार ऐसे हैं, जिन पर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि 375 प्रत्याशी करोड़पति हैं। 71 सीटों पर सबसे ज्यादा 42 सीटों पर राजद लड़ रही है, इसके बाद 41 सीटों पर लोजपा और 40 सीटों पर लोजपा प्रत्याशी उतरे हैं। भाजपा 29 पर और उसकी सहयोगी जदयू 35 पर मैदान में है। 22 सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवार हैं।
बिहार चुनाव में पहले चरण के मतदान में अधिकारी मतदाताओं से कोरोना गाइडलाइंस का पालन कराने के लिए चाक-चौबंद नजर आ रहे हैं। पालीगंज के 43 नंबर बूथ पर भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला। यहां लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवाया जा रहा है, साथ ही उनके तापमान की भी जांच की जा रही। अधिकारियों को जरूरी सुरक्षा उपकरण भी दिए गए हैं।
2015 के विधानसभा चुनाव में राजद-जदयू और कांग्रेस का महागठबंधन साथ चुनाव लड़ रहा था। तब इन 71 सीटों में सबसे ज्यादा 27 राजद के खाते में आई थीं, जबकि जदयू को 18 सीटें मिली थीं। भाजपा को यहां से 13 विधायक मिले। वहीं कांग्रेस को 9 और अन्य पार्टियों की भी चार सीटों पर जीत हुई थी। 2015 में यहां औसत 55.11 फीसदी वोटिंग हुई थी। इनमें सबसे ज्यादा 61.60 प्रतिशत वोट चैनपुर सीट पर पड़े थे।
बिहार चुनाव के मद्देनजर राज्य में सुरक्षा इंतजाम कड़े किए गए हैं। मगध के आईजी राकेश राठी ने इस मौके पर कहा कि हर पोलिंग बूथ पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। साथ ही जरूरी संख्या में सुरक्षाबल की तैनाती भी की गई है। राठी ने कहा कि सभी बूथों पर कोरोनावायरस की गाइडलाइंस का पालन किया जा रहा है। बता दें कि आज सुबह ही सीआरपीएफ ने औरंगाबाद जिले से दो आईईडी बरामद किए, जिन्हें निष्क्रिय किया जा चुका है।
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपील की है। उन्होंने बुधवार सुबह ही ट्वीट कर कहा, "बिहार विधानसभा चुनाव में आज पहले दौर की वोटिंग है। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे कोविड संबंधी सावधानियों को बरतते हुए, लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी हिस्सेदारी सुनिश्चित करें। दो गज की दूरी का रखें ध्यान, मास्क जरूर पहनें। याद रखें, पहले मतदान, फिर जलपान।"
बिहार चुनाव के पहले चरण का मतदान शुरू हो चुका है। ऐसे में सुरक्षाबलों ने भी पहरा कड़ा कर दिया है। राज्य में पुलिस के साथ सीआरपीएफ और अन्य केंद्रीय सुरक्षा बलों को भी तैनात किया गया है। बुधवार सुबह ही सीआरपीएफ ने औरंगाबाद के ढिबरा इलाके से दो आईईडी बरामद किए। इन्हें डिफ्यूज भी कर लिया गया है।