महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की 288 सीटों में से एनडीए ने 161 पर बढ़त बना रखी है। इनमें बीजेपी 100 सीटों पर आगे है तो शिव सेना 61 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन के खाते में फिलहाल 99 सीटें नजर आ रही हैं। महाराष्ट्र के नांदेड जिले में आने वाली भोकर विधानसभा सीट पर बीजेपी की नजर है। दरअसल, इस सीट पर अब तक कांग्रेस का दबदबा रहा है। यहां 8 बार कांग्रेस, 2 बार निर्दलीय और एक बार एनसीपी को जीत मिली है। 2014 में इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी अमिता अशोकराव चह्वाण को जीत मिली थी। उन्होंने बीजेपी के किन्हालकर डॉ. माधवराव भुजंगराव को मात दी थी।

बता दें कि 21 अक्टूबर को महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर चुनाव हुआ था। प्रदेश में सरकार बनाने के लिए 144 सीटें जीतकर बहुमत हासिल करना जरूरी है। 2014 के विधानसभा चुनाव के दौरान महाराष्ट्र में बीजेपी और शिवसेना ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। उस दौरान बीजेपी ने 122 सीटें जीती थीं, जबकि शिव सेना के खाते में 63 सीटें गई थीं। वहीं, कांग्रेस 42 व एनसीपी 41 सीटें जीत पाई थी। चुनाव के बाद बीजेपी-शिव सेना ने गठबंधन करके देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में सरकार बनाई थी।