आम आदमी पार्टी पंजाब में बहुमत के साथ सरकार बनाती नजर आ रही हैं, वहीं गोवा में कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर हो सकती है। आम आदमी पार्टी गोवा में ज्यादा असर नहीं डालेगी, लेकिन अपनी मौजूदगी दर्ज कराने में कामयाब रहेगी। ये अनुमान HuffPost-CVoter के सर्वे के मुताबिक लगाया गया है। सर्वे के मुताबिक आम आदमी पार्टी पंजाब में 117 में से 63 सीटें हासिल कर सकती हैं। वहीं कांग्रेस दूसरे और भाजपा-शिरोमणी अकाली दल गठबंधन के तीसरे स्थान पर रहने का अनुमान है। पंजाब में अकाली दल और भाजपा गठबंधन को बहुत कम सीटें मिलती नजर आ रही हैं।
आम आदमी पार्टी 40 सीटों वालों पंजाब के मालवा क्षेत्र में कई सीटों पर कब्जा कर सकती है। पंजाब के विधानसभा चुनाव में मालवा क्षेत्र के अहम माना जाता है। सर्वे के मुताबिक आम आदमी पार्टी अकाली दल और कांग्रेस दोनों के वोट काटेगी। मालवा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी को मालवा क्षेत्र में 3.7 फीसदी वोट शेयर कांग्रेस से ज्यादा मिल रहा है। पंजाब में अकाली दल का वोट शेयर आधा हो रहा है, वहीं कांग्रेस का वोट शेयर भी 7 फीसदी कम हो सकता है। आम आदमी पार्टी 36.8 वोट शेयर के साथ पंजाब में सरकार बना सकती है। यहां कांग्रेस के अमरिंदर सिंह मुख्यमंत्री के रूप में पहली पसंद बने हुए हैं।
वहीं गोवा की बात करें तो यहां कांग्रेस और भाजपा में कड़ी टक्कर नजर आ रही है। कांग्रेस के प्रदर्शन में सुधार के बावजूद उसे भाजपा को पीछे छोड़ने में दिक्कत हो सकती है। सर्वे के मुताबिक यहां कांग्रेस को 14 और भाजपा को 15 सीटें मिल रही हैं। वहीं आम आदमी पार्टी को केवल दो सीटें मिल रही हैं। आम आदमी पार्टी ने चुनाव में उतर कर भाजपा को फायदा पहुंचाया है। इस वजह से कांग्रेस गोवा में सत्ता विरोधी लहर को भुनाने में नाकाम नजर आ रही है। कांग्रेस और भाजपा दोनों पार्टियों का राज्य में वोटशेयर कम हो रहा है। सरकार बनाने में नाकाम दिख रही भाजपा के लक्ष्मीकांत पार्सेकर सीएम के रूप में पहली पसंद बने हुए हैं। यहां बेरोजगारी के बाद भ्रष्टाचार और महंगाई मुख्य मुद्दे हैं।
यह सर्वे सी वोटर ने फोन पर इंटरव्यू के जरिए किया है। पंजाब में 117 सीटों से 19417 लोगों के इंटरव्यू लिए गए, जबकि गोवा में 40 सीटों के 1069 लोगों का इंटरव्यू किया गया। इसी के आधार पर इस सर्वे के आंकड़ें जारी किए गए हैं। यह सर्वे जनवरी के चौथे सप्ताह में किया गया था।