उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे 10 मार्च को आएंगे। वहीं इससे पहले जारी हुए तमाम एग्जिट पोल पंजाब छोड़कर भाजपा बाकी राज्यों में सत्ता के करीब और कहीं सत्ता में आती दिख रही है। एबीपी सी वोटर की बात करें तो पंजाब में भाजपा का प्रदर्शन बेहद ही खराब होने का अनुमान है।
एबीपी-सी वोटर पंजाब: बता दें कि एबीपी-सी वोटर के एग्जिट पोल में आप को पंजाब में 39 फीसदी, कांग्रेस को 27 फीसदी, अकाली दल को 21 फीसदी, भाजपा को 9 फीसदी और अन्य को 4 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है। वहीं आप 51-61 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर सकती है। कांग्रेस को 22 से 28, अकाली दल और उसके सहयोगी दलों को 20 से 26 सीटें मिल सकती हैं। वहीं भाजपा गठबंधन को महज 7 से 13 सीटें मिलने का अनुमान है।
उत्तराखंड: उत्तराखंड एबीपी-सी वोटर के एग्जिट पोल के अनुसार 70 विधानसभा सीटों पर उत्तराखंड में भाजपा और कांग्रेस में कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। राज्य में भाजपा को 26-32 और कांग्रेस को 32-38 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं आप को 0 से 2 और अन्य को 3 से 7 सीटें मिल सकती हैं। वोट शेयर की बात करें तो भाजपा को 41 फीसदी, कांग्रेस तो 39 फीसदी, आप को 9 फीसदी और अन्य को 11 फीसदी वोट मिलने का अनुमान जताया गया है।
गोवा: एबीपी-सी वोटर के एग्जिट पोल के अनुसार गोवा में भाजपा और कांग्रेस में कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। कांग्रेस को 12 से 16 तो वहीं भाजपा को 13 से 17 सीटें मिल सकती हैं। इसके अलावा टीएमसी गठबंधन को 5 से 9 सीटें जीत सकती है। अन्य को 0 से 2 सीटें मिल सकती हैं।
मणिपुर: एबीपी-सी वोटर के एग्जिट पोल के अनुसार मणिपुर में भाजपा 23 से 27 सीटें जीत सकती है। वहीं कांग्रेस+ को 12 से 16 सीटें मिल सकती हैं। एनपीपी को 10 से 14 और एनपीएफ को 3 से 7 सीटें मिल सकती हैं।
उत्तर प्रदेश: एबीपी-सी वोटर के एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा गठबंधन एक बार फिर से सत्ता वापसी कर सकती है। बता दें कि भाजपा+ को 228 से 244 सीटें मिल सकती है। वहीं प्रमुख विपक्षी दल सपा को 132 से 148 सीटें मिलने का अनुमान है। इसके अलावा बसपा को 13 से 21, कांग्रेस को 4 से 8 और अन्य को 2 से 6 सीटें मिल सकती हैं।