कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अब तक किसी भी प्रधानमंत्री ने देश को इतना गुमराह नहीं किया जितना पीएम मोदी ने किया। राहुल ने एक बार फिर राफेल का जिक्र किया। इसके साथ ही उन्होंने बेरोजगारी, किसानों के कर्ज और राजनीति में महिलाओं की भागीदारी पर भी पीएम को निशाने पर लिया। कांग्रेस अध्यक्ष लोकसभा चुनाव के मद्देनजर ओडिशा के कोरापुट में संबोधित कर रहे थे।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं की एक सभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, ‘भारत में अब तक कई प्रधानमंत्री रहे, लेकिन जितने झूठ इन्होंने बोले उतने अब तक के सभी प्रधानमंत्रियों ने मिलाकर भी नहीं बोले।’ उन्होंने बढ़ती बेरोजगारी और महिलाओं के खिलाफ अपराध को लेकर मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, ‘बेरोजगारी से हिंसा, नफरत और नशे को बढ़ावा मिलता है। जब तक आप सच का सामना नहीं करते तब तक आप समस्याओं का हल भी नहीं ढूंढ सकते। लेकिन ये प्रधानमंत्री सच का सामना ही नहीं करना चाहते।’
कांग्रेस अध्यक्ष ने वादा किया कि यदि उनकी पार्टी सरकार में आती है तो वो महिला आरक्षण बिल को पास कराने की कोशिश करेगी, ताकि महिलाओं को प्रतिनिधित्व का मौका मिल सके। राफेल डील का जिक्र करते हुए राहुल ने कहा, ‘कोरापुट में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड का प्लांट है। प्रधानमंत्री ने राफेल डील को HAL से छीनकर अनिल अंबानी को दिया दिया। उन्हें 30 हजार करोड़ रुपए का कॉन्ट्रैक्ट मिला है।’
राहुल ने ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को भी निशाने पर लिया और कहा कि बीजू जनता दल की सरकार महिलाओं को सुरक्षित करने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा ओडिशा में हर दिन 12 महिलाओं के साथ रेप होता है और सिर्फ सात को इंसाफ मिल पाता है।