2019 Lok Sabha Election: भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को ऐलान किया कि उनकी पार्टी झारखंड की आजसू (ऑल इंडिया झारखंड स्टूडेंट यूनियन) के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। इस गठबंधन में बीजेपी झारखंड की 14 में से 13 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहीं आजसू केवल एक सीट पर चुनाव लड़ेगी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक गिरिडीह सीट पर आजसू पार्टी को चुनाव लड़ाने की सहमति बनी है। गठबंधन के लिए नई दिल्ली में हुई इस बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो ने झारखंड के लिए सीटें तय कीं। इस बैठक में झारखंड के प्रभारी मंगल पांडे के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली, राजनाथ सिंह, थावरचंद गहलोत, जेपी नड्डा, सुषमा स्वराज, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान और महासचिव भूपेंद्र यादव भी मौजूद थे।
मिलकर लड़ा था विधानसभा चुनाव 2014ः बैठक के बाद भूपेंद्र यादव ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि एनडीए इस बार सभी सीटों पर जीत हासिल करेगा। साल 2014 में दोनों पार्टियों ने विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ा था। इस चुनाव में बीजेपी के 37 और आजसू के पांच विधायक चुनकर आए थे। 81 सदस्यों वाली विधानसभा में गठबंधन सरकार बनी थी। वहीं लोकसभा चुनाव दोनों ने अलग-अलग लड़ा था।
आजसू अध्यक्ष बोले- बीजेपी को होगा फायदाः आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा, ‘सीट शेयरिंग का सबसे ज्यादा फायदा बीजेपी को होगा, क्योंकि इस समय पूरा विपक्ष बीजेपी के खिलाफ है। ऐसी स्थिति में आजसू के साथ चुनाव से पहले यह गठबंधन बीजेपी के लिए झारखंड में फायदे का सौदा साबित होगा। बता दें कि पहली बार झारखंड में बीजेपी और आजसू ने लोकसभा चुनाव को लेकर गठबंधन किया है।