2019 Lok Sabha Eleciton: मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने रविवार को लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। लोकसभा सीटों के हिसाब से सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में 7 चरणों में 11 अप्रैल से 19 मई तक चुनाव कराए जाएंगे। इस बार प्रदेश में 14.4 करोड़ वोटर्स उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। इनमें 8374 ट्रांसजेंडर और 786542 दिव्यांग वोटर्स भी शामिल है। इस बीच राज्य निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनावों के साथ ही प्रदेश की निघासन विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराने का भी ऐलान कर दिया है।

163331 पोलिंग बूथ पर होगा मतदान- उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी वेंकटेश्वर ने लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद योजना भवन में प्रेस कांफ्रेंस करके प्रदेश के बारे में आंकड़े जारी किए। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 91709 पोलिंग सेंटर और 163331 पोलिंग बूथ बनाए गए है। खास बात यह है कि इस बार हर ईवीएम में वीवीपैट मशीन लगाई जाएगी,ऐसे में प्रत्येक बूथ पर अधिकतम 1400 वोटर ही होंगे।

8374 थर्ड जेंडर और 786542 वोटर्स दिव्यांग- इस बार उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनावों में कुल 14.4 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 7.79 करोड़ पुरुष मतदाता और 6.61 करोड़ महिला मतदाता है। बात अगर थर्ड जेंडर मतदातों की करें तो उनकी संख्या 8374 है जबकि दिव्यांग मतदातों की संख्या 786542 है। बता दें कि इस बार लोकसभा चुनाव में करीब 16 लाख मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तारीख तय- राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक उत्तर प्रदेश की लखीमपुर खीरी जिले की निघासन सीट पर उपचुनाव के लिए तारीख का ऐलान भी कर दिया गया है। यह सीट बीजेपी विधायक के निधन के बाद खाली हुई थी।