Women’s Day Speech in Hindi 2024:विश्व की आधी आबादी यानी महिलाएं जिनका योगदान अतुलनीय है जिसे याद रखने और सम्मान देने के लिए प्रत्येक वर्ष 8 मार्च का दिन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन को भारत सहित पूरे विश्व के लोग महिलाओं के सम्मान, प्रशंसा, प्यार और देखभाल के लिए समर्पित दिखाई देते हैं। भारत में स्कूलों कॉलेजों से लेकर तमाम संस्थानों में इस दिन विशेष आयोजन होते हैं जिसमें महिलाओं को उनके खास होने का एहसास कराया जाता है।

International Women’s day 2024 के दिन अगर आप भी अपने स्कूल, कॉलेज या संस्थान में स्पीच देना चाहते हैं, तो यहां बताए जा रहे टिप्स को फॉलो करने के बाद आप अपनी स्पीच से वहां मौजूद लोगों को प्रभावित कर सकते हैं।

Women’s day 2024 पर इन टॉपिक्स के साथ करें अपनी स्पीच की शुरुआत

आत्मनिर्भर

महिला दिवस पर अपनी स्पीच की शुरुआत नए जमाने में आत्मनिर्भरता से कर सकते हैं, क्योंकि आज के मॉर्डन जमाने में महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं और अपने सपनों को साकार कर रही हैं, इसमें आप कुछ सफल महिलाओं के उदाहरण भी जोड़ सकते हैं।

योगदान

समाज को बेहतर बनाने में जितना योगदान पुरुषों का है उतना ही योगदान महिलाओं का भी है। इसलिए आप अपनी स्पीच में समाज के लिए महिलाओं के योगदान को भी शामिल कर सकते हैं, जिसमें आप  रानी लक्ष्मीबाई, सरोजिनी नायडू, भीकाजी कामा और कस्तूरबा गांधी का नाम भी जोड़ सकते हैं जिन्होंने समाज के लिए अपने कामों से अपना नाम इतिहास के पन्नों में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज कराया है।

शिक्षा

अपनी स्पीच में अगर आप महिलाओं की शिक्षा, इतिहास में स्थिति, वर्तमान में स्थिति और भविष्य को शामिल करते हैं, तो यह वहां मौजूद लोगों के लिए न सिर्फ जानकारी से भरा होगा बल्कि वो आपकी स्पीच के जरिए शिक्षा के क्षेत्र में महिलाओं की स्थिति से भी रूबरू हो सकेंगे। शिक्षा के क्षेत्र में आप सावित्री बाई फुले, फातिमा शेख, बेगम जफर अली, कादंबिनी गांगुली और चंद्रमुखी बसु जैसी प्रमुख महिलाओं के नाम और उनके काम को भी गिना सकते हैं, जिन्होंने महिला शिक्षा के लिए अपना जीवन लगाया था।

राजनीति

महिलाओं का दबदबा आज हर क्षेत्र में बनता जा रहा है चाहें वो शिक्षा हो, खेल हो या राजनीति, हमारे देश में राष्ट्रपति से लेकर मुख्यमंत्री तक तमाम प्रमुख पदों पर महिलाओं ने अपनी प्रतिभा दिखाई है। ऐसे में आप राजनीति के क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और उनके कार्यों का उदाहरण देकर नई पीढ़ी की लड़कियों को प्रोत्साहित कर सकते हैं, ताकि वह भविष्य में राजनीति के क्षेत्र में भी अपना नाम चमका सकें। अपनी स्पीच के दौरान आप इंदिरा गांधी, सुषमा स्वराज, सोनिया गांधी, निर्मला सीतारमण, मायावती, स्मृति ईरानी, सुमित्रा महाजन, वसुंधरा राजे जैसे नामों और उनकी उपलब्धियों के बारे में बता सकते हैं।

खेल

खेल के क्षेत्र में कभी पुरुषों का राज हुआ करता था लेकिन वर्तमान में क्रिकेट से लेकर हॉकी तक, टेनिस से लेकर फुटबॉल तक हर खेल में महिलाओं ने अपनी उपस्थिति न सिर्फ दर्ज कराई है बल्कि विश्व पटल पर अपना नाम स्वर्णिम अक्षरों से दर्ज भी कराया है, जो लाखों करोड़ों लड़कियों के लिए प्रेरणा का स्त्रोत बन चुकी हैं। आप झूलन गोस्वामी (क्रिकेटर), मिताली राज (क्रिकेटर), जमुना बोरो (मुक्केबाज), एमसी मैरी कॉम(मुक्केबाज), अंजू बॉबी जॉर्ज (ऊंची कूद), पीटी ऊषा (धावक), पी वी सिंधु, मीरा बाई चानू, हिमा दास या फिर हम सानिया मिर्जा जैसे नामों का उदारण देकर लड़कियों के खेल के क्षेत्र में अपना करियर और नाम बनाने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।