UPSC Civil Services 2019: संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने आगामी सिविल सेवा परीक्षा 2019 के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। यूपीएससी 2 जून, 2019 को सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा आयोजित करेगा वहीं यूपीएससी सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2019 20 सितंबर को आयोजित की जाएगी। UPSC सिविल सेवा प्रारंभिक (CSP) परीक्षाएं भारतीय प्रशासनिक सेवाओं और भारतीय वन सेवाओं, दोनों के लिए आयोजित की जाती है। आधिकारिक सूचनाओं के अनुसार, UPSC भारतीय वन सेवाओं में 90 रिक्तियां और भारतीय सिविल सेवा में लगभग 896 रिक्तियां भरने की उम्मीद है, जिसमें बेंचमार्क विकलांग उम्मीदवारों के लिए 39 रिक्तियां भी शामिल हैं।

आयुसीमा- आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 32 वर्ष होनी चाहिए। आवेदक का जन्म 2 अगस्त 1987 से पहले नहीं हुआ होना चाहिए। अधिकतम आयु सीमा में छूट को लेकर अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक अधिसूचना को पढ़ने की आवश्यकता है।

UPSC Civil Services: शैक्षिक योग्यता

भारतीय वन सेवाओं के लिए, उम्मीदवार को पशुपालन और पशु चिकित्सा विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान, भूविज्ञान, गणित, भौतिकी, सांख्यिकी और जूलॉजी जैसे विषयों में से कम से कम एक विषय के साथ स्नातक की डिग्री या कृषि, वानिकी या इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री होनी चाहिए। भारतीय सिविल सेवा के लिए, उम्मीदवार को भारत के किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होनी चाहिए।

UPSC Civil Services: कितनी बार दे सकते हैं एग्जाम- यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में बैठने वाले सामान्य वर्ग के प्रत्येक उम्मीदवार को छह बार एग्जाम देने की अनुमति होगी। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों को एग्जाम के लिए प्रयासों से जुड़ा कोई प्रतिबंध नहीं है। अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों के लिए स्वीकार्य प्रयासों की संख्या नौ है। वहीं बेंचमार्क विकलांग वर्ग के उम्मीदवार अपने जिस कम्युनिटी से हैं, उस कम्युनिटी के उन लोगों के बराबर ही प्रयास कर पाएंगे जो लोग विकलांग वर्ग से नहीं है।