यूपी में शिक्षक भर्ती इसी हफ्ते शुरू होने वाली हैं। इन भर्ती प्रक्रियाओं से अलग अलग पद भरे जाने हैं। इनमें जूनियर हाईस्कूल में असिस्टेंट टीचर और प्रिंसिपल के पदों पर भर्ती होनी हैं। इसके अलावा डिग्री कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर भर्ती होनी हैं। सबसे पहले माध्यमिक स्कूलों में टीजीटी (प्रशिक्षित स्नातक) और पीजीटी (प्रवक्ता) के पदों पर होने वाली भर्ती की बात करते हैं। इस भर्ती प्रक्रिया से टीजीटी, पीजीटी के 15,508 पद भरे जाने हैं। इनके लिए इसी हफ्ते संशोधित नोटिफिकेशन जारी किया जा सकता है। इन पदों पर आवेदन करने के लिए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने अलग से पोर्टल तैयार कराया है। हालांकि अभी शासन की अनुमति का इंतजार है। इससे पहले चयन बोर्ड ने 29 अक्तूबर से ऑनलाइन आवेदन लेना शुरू किया था लेकिन कानूनी अड़चन के कारण 18 नवंबर को प्रक्रिया स्थगित करनी पड़ी थी। यह भर्ती 2016 के बाद अब हो रही है।

इसके अलावा जूनियर हाईस्कूलों में 1894 पदों पर भर्ती होनी है। इसके लिए नोटिफिकेशन कल यानी 25 फरवरी को जारी किया जाएगा। इस भर्ती प्रक्रिया से असिस्टेंट टीचर के 390 पद और प्रिंसिपल के 1504 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए भर्ती के शेड्यूल की बात करें तो इनके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 3 से 17 मार्च तक चलेगी। आवेदन करने के बाद फीस जमा करने की आखिरी तारीख 18 मार्च है। वहीं प्रिंट लेने की आखिरी तारीख 19 मार्च है। इनके लिए एग्जाम 18 अप्रैल को होगा। वहीं इसका रिजल्ट 18 मई को घोषित किया जाएगा।

अब डिग्री कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती की बात करें तो इस भर्ती प्रक्रिया से 2003 पद भरे जाने हैं। इनके लिए भी ऑनलाइन भर्ती प्रक्रिया 25 फरवरी से शुरू होगी। इन पदों के लिए रजिस्ट्रेशन करने की और फीस जमा करने की आखिरी तारीख 26 मार्च है। वहीं आवेदन पत्र जमा करने की आखिरी तारीख 27 मार्च है। इन पदों के लिए लिखित परीक्षा 26 मई से होगी।